कमी शायद मुझमें ही है... दतिया में टिकट पर मचे हंगामे के बीच नरोत्तम मिश्रा का छलका दर्द!

Published on 12 जुल॰ 2026

कमी शायद मुझमें ही है... दतिया में टिकट पर मचे हंगामे के बीच नरोत्तम मिश्रा का छलका दर्द!

बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा

मध्य प्रदेश के दतिया से टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने बवाल काटा हुआ है. हालांकि दावा किया जा रहा है कि नरोत्तम मिश्रा के कहने पर उनके समर्थक अब शांत हैं. इस बीच नरोत्तम ने रविवार को दिल्ली में BJP नेता नितिन नवीन से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि नितिन नवीन से मुलाकात के दौरान उन्होंने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा और चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बारे में सफाई दी.

नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “मैंने अभी तक किसी से बात नहीं की है. मैंने मीटिंग के लिए रिक्वेस्ट की है लेकिन अभी तक मुझे टाइम नहीं दिया गया है. मैंने अपने सपोर्टर्स से बात की है, और वे मान गए हैं. पार्टी फोरम में अपनी बात कहने का एक खास तरीका होता है, और वैसा ही किया जाएगा. यह साफ हो गया है कि मेरा कद पार्टी से बड़ा नहीं है. पार्टी किसी व्यक्ति से बहुत ऊपर है.”

BJP में पैदा हुए थे और यही मरेंगे

उन्होंने कहा, “मुझे न तो कोई भरोसा दिया गया है और न ही मैंने कोई मांगा है. मैं पार्टी वर्कर के तौर पर काम करता रहूंगा. मैं आशुतोष तिवारी के नॉमिनेशन फाइलिंग में मौजूद रहूंगा.” नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “मैं किसी और को दोष नहीं दूंगा. कमी शायद मुझमें ही है, और मैं उस पर सोचूंगा.” उन्होंने आगे कहा, “मैं कभी परेशान नहीं था, न अब हूं, न कभी होऊंगा. बेफिक्र रहो, आशुतोष जीतेंगे; नरोत्तम मिश्रा BJP में पैदा हुए थे और BJP में ही मरेंगे.”

SP समेत 8 पुलिसकर्मी में हुए थे घायल

बता दें कि मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के लिए चुनाव 30 जुलाई को होने हैं. बीजेपी ने इस सीट से आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थक भड़क गए. उन्होंने सड़क जाम कर दी और पुलिस पर पथराव किया. इस घटना में एसपी (SP) समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए.

दतिया में धारा 163 लागू

शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी. बिना इजाजत भीड़ जमा करने, जुलूस निकालने, विरोध प्रदर्शन करने और सार्वजनिक कार्यक्रम करने पर रोक लगा दी गई है. साथ ही, पांच या उससे ज्यादा लोगों के एक साथ जमा होने पर भी पाबंदी है. पुलिस ने 27 बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है.

आनंद प्रकाश पांडेय

आनंद प्रकाश पांडेय

दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद 2005 में टीवी पत्रकारिता में कदम रखा. वो सफर अब टीवी9 भारतवर्ष तक पहुंच गया है. राजनीतिक लोगों और राजनीतिक खबरों में रूचि है. भले ही पद एडिटर, नेशनल अफेयर्स का है पर अभी भी खुद को नौसिखिया ही मानता हूं और इसलिए सीखने का क्रम अनवरत जारी है...

Read More

google button