‘तानाशाह किम’ के गुस्से वाले लुक पर ट्रंप ने तोड़ी चुप्पी, बता दी तस्वीर के पीछे की असली सच्चाई!

Published on 16 अग॰ 2026

दुनिया

‘तानाशाह किम’ के गुस्से वाले लुक पर ट्रंप ने तोड़ी चुप्पी, बता दी तस्वीर के पीछे की असली सच्चाई!

  • Edited by: पीयूष कुमार
  • Updated Aug 16, 2026, 09:17 AM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए दोनों के रिश्तों पर दिलचस्प टिप्पणी की है। गंभीर और अनफ्रेंडली नजर आ रही तस्वीर पर ट्रंप ने कहा कि भले ही इस फोटो में दोनों के तेवर सख्त हैं, लेकिन वास्तव में उनकी किम के साथ अच्छी बॉन्डिंग है और दोनों काफी अच्छे से मिलते हैं। ट्रंप का यह बयान अमेरिका-दक्षिण कोरिया के वार्षिक सैन्य अभ्यास से पहले आया है।

Image

किम जोंग उन के साथ वायरल फोटो पर ट्रंप का बड़ा खुलासा। AI IMAGE

Trump Kim Jong Un Relations: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ अपनी एक पुरानी फोटो सोशल मीडिया ट्रूथ पर शेयर की। इन तस्वीरों में दोनों के चेहरे गंभीर नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर पर ट्रंप ने चुटकी ली है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर किम के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि तस्वीर में दोनों भले ही काफी गंभीर और अनफ्रेंडली नजर आ रहे हों, लेकिन असल में उनके बीच रिश्ते काफी अच्छे हैं।

ट्रंप ने फोटो को लेकर क्या लिखा?

ट्रंप ने लिखा कि इस खास तस्वीर में दोनों के चेहरे भले ही दोस्ताना नजर नहीं आ रहे हों, लेकिन ऐसी कई तस्वीरें मौजूद हैं, जिनमें वह और किम जोंग उन मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं। ट्रंप ने दावा किया कि किम और उनके बीच “GREAT” बॉन्डिंग है और दोनों एक-दूसरे के साथ अच्छी तरह घुल-मिलते हैं।

ट्रंप की ओर से शेयर की गई तस्वीर में वह और किम जोंग उन गंभीर मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर को देखकर दोनों नेताओं के बीच तनावपूर्ण माहौल का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, ट्रंप ने खुद इस धारणा को खारिज करते हुए कहा कि केवल एक तस्वीर देखकर दोनों के रिश्तों का अंदाजा नहीं लगाया जाना चाहिए।

यूएस और दक्षिण कोरिया के बीच सैन्य अभ्यास की होगी शुरुआत

बता दें कि ट्रंप का यह बयान अमेरिका और दक्षिण कोरिया के 17 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाले वार्षिक उल्ची फ्रीडम शील्ड सैन्य अभ्यास से ठीक पहले आया है। उत्तर कोरिया हमेशा से इन संयुक्त अभ्यासों का कड़ा विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी और उकसावे की कार्रवाई मानता है।

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के बीच बढ़ते त्रिपक्षीय रक्षा सहयोग पर गंभीर चिंता जताई है। उत्तर कोरियाई प्रवक्ता के अनुसार, यह त्रिपक्षीय सहयोग अब एक परमाणु गठबंधन का रूप ले रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा खतरे का स्तर बढ़ता है, तो उत्तर कोरिया भी नए और अधिक आक्रामक स्तर पर इसका मुकाबला करेगा।

उत्तर कोरिया ने जापान सागर में दागी मिसाइल

वहीं, उत्तर कोरिया ने 12 अगस्त को पूर्वी सागर (जापान सागर) की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, जो एक हफ्ते के भीतर उनका दूसरा मिसाइल परीक्षण था। दक्षिण कोरियाई सेना ने इसे बैलिस्टिक मिसाइल करार दिया। इसके अलावा, अमेरिकी प्रशासन ने इसे मिसाइल लॉन्च के रूप में दर्ज किया।

किम के साथ रिश्तों को लेकर ट्रंप का दावा

ट्रंप ने कहा कि उनके और किम जोंग उन के बीच कई मौकों पर अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों की मुलाकातों के दौरान ऐसी कई तस्वीरें भी हैं, जिनमें वे साथ में मुस्कुराते नजर आते हैं। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच संबंध लंबे समय से संवेदनशील बने हुए हैं। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम और सुरक्षा को लेकर मतभेद रहे हैं, लेकिन ट्रंप पहले भी किम जोंग उन के साथ अपनी व्यक्तिगत बातचीत और रिश्तों को सकारात्मक तरीके से पेश करते रहे हैं।

Piyush Kumar

पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • World

End of Article