गहरे समुद्र में दुश्मन की हर चुनौती का जवाब देगा निपुण, जानें नेवी के सिकंदर बनने जा रहे इस पोत की ताकत

Published on 25 अग॰ 2026

गहरे समुद्र में दुश्मन की हर चुनौती का जवाब देगा निपुण, जानें नेवी के सिकंदर बनने जा रहे इस पोत की ताकत

देशी डाइविंग सपोर्ट वेसल (DSV) ‘निपुण’

भारतीय नौसेना 31 अगस्त 2026 को मुंबई के नेवल डॉकयार्ड में अपने दूसरे स्वदेशी डाइविंग सपोर्ट वेसल (DSV) निपुण को नौसेना में शामिल करेगी. निस्तार क्लास के इस पोत के शामिल होने से भारतीय नौसेना की गहरे समुद्र में डाइविंग, अंडरवाटर ऑपरेशन और पनडुब्बी रेस्क्यू क्षमता को मजबूती मिलेगी.

निपुण को हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (HSL), विशाखापत्तनम ने स्वदेशी डिजाइन और तकनीक के साथ तैयार किया है. पोत पर जरूरी उपकरणों की फिटिंग और परीक्षण पूरा होने के बाद इसे 30 जुलाई 2026 को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया था.

गहरे समुद्र में ऑपरेशन के लिए खास डिजाइन

निपुण को विशेष रूप से डाइविंग और अंडरवाटर ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया है. इसमें आधुनिक डाइविंग सिस्टम के साथ समुद्र के भीतर लंबे समय तक अभियान चलाने के लिए जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं. यह पोत मुश्किल समुद्री परिस्थितियों में गोताखोरों को ऑपरेशन के दौरान लगातार सपोर्ट देने में सक्षम होगा. इसके अलावा किसी पनडुब्बी के दुर्घटनाग्रस्त होने या समुद्र में फंसने की स्थिति में सबमरीन रेस्क्यू ऑपरेशन में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा.

पोत में आधुनिक नेविगेशन, प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट और सटीक स्थिति बनाए रखने के लिए स्टेशन कीपिंग सिस्टम लगाए गए हैं. इससे समुद्र में ऑपरेशन के दौरान पोत को निर्धारित स्थान पर स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी.

अंडरवाटर मिशन में मिलेगी नई ताकत

निपुण पर डाइविंग, अंडरवाटर इंटरवेंशन और मेडिकल सपोर्ट के लिए विशेष सुविधाएं मौजूद हैं. इन सभी क्षमताओं को एक साथ जोड़कर यह पोत समुद्र की सतह के नीचे होने वाले जटिल अभियानों के लिए एकीकृत प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा.नौसेना में शामिल होने के बाद निपुण भारत के समुद्री क्षेत्रों में विशेष डाइविंग और अंडरवाटर मिशन को अंजाम देने की क्षमता बढ़ाएगा. इसके जरिए नौसेना को समुद्र की गहराई में खोज, बचाव, निरीक्षण और अन्य विशेष अभियानों के लिए अतिरिक्त क्षमता मिलेगी.

स्वदेशी युद्धपोत निर्माण की क्षमता का उदाहरण

निपुण का निर्माण भारत में स्वदेशी डिजाइन और तकनीक के इस्तेमाल से किया गया है. ऐसे पोतों का निर्माण देश की बढ़ती स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमता और रक्षा आत्मनिर्भरता को भी दर्शाता है.निस्तार क्लास के इन डाइविंग सपोर्ट वेसल को भारतीय नौसेना की विशेष अंडरवाटर जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है.

निपुण के क्रेस्ट का क्या मतलब है?

निपुण के क्रेस्ट में व्हेल और आधुनिक डाइविंग हेलमेट को प्रमुखता दी गई है. गहरे समुद्र में लंबे समय तक रहने वाली व्हेल को धैर्य, मजबूती और लंबे समय तक ऑपरेशन का प्रतीक माना गया है. यह पोत की गहरे समुद्र में लंबे समय तक डाइविंग ऑपरेशन को सपोर्ट करने की क्षमता को दर्शाता है.

वहीं, डाइविंग हेलमेट सीधे तौर पर गोताखोरों और पोत के मुख्य मिशन को दर्शाता है. यह निपुण पर मौजूद आधुनिक डाइविंग सिस्टम और लाइफ-सपोर्ट सुविधाओं का प्रतीक भी है.व्हेल और डाइविंग हेलमेट मिलकर निपुण की उस भूमिका को दर्शाते हैं, जिसमें यह पोत गोताखोरों को समुद्र की गहराई में सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन करने में मदद करेगा और मिशन के बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाने में भी अहम भूमिका निभाएगा.

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.

Read More

google button