दूध ₹102, CNG ₹88 और ऑटो का किराया ₹27... मुंबई में महंगाई वाला 'मंगलवार', जानें आज से मायानगरी में क्या-क्या हुआ महंगा?

Published on 1 सित॰ 2026

Mumbai Inflation: मुंबई में आज से तीन तरह की महंगाई एक साथ लागू हुई है. महानगर गैस ने सीएनजी 2 रुपये और पीएनजी 1 रुपये प्रति यूनिट महंगी कर दी है, जिससे सीएनजी अब 88 रुपये प्रति किलो हो गई है. वजह पश्चिम एशिया का तनाव और महंगा आयात बताई गई है. साथ ही ऑटो का न्यूनतम किराया 27 रुपये और टैक्सी का 33 रुपये कर दिया गया है, जो 18 महीने बाद बढ़ा है. इसके अलावा तबेले का दूध 9 रुपये बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गया है.

X

आम चीजों की बढ़ती क़ीमत की वजह से मुंबईकरों की जेब पर बोझ बढ़ गया है (Photo: ITG)

आम चीजों की बढ़ती क़ीमत की वजह से मुंबईकरों की जेब पर बोझ बढ़ गया है (Photo: ITG)

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रहने वालों के लिए 1 सितंबर की तारीख महंगाई की मार लेकर आई है. एक ही दिन में तीन अलग-अलग मोर्चों पर आम आदमी की जेब पर असर पड़ा है. दूध, सीएनजी-पीएनजी और ऑटो-टैक्सी का किराया, तीनों एक साथ महंगे हो गए हैं. गैस कंपनी महानगर गैस ने सीएनजी और घरेलू पीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं, टैक्सी और ऑटो का न्यूनतम किराया भी बढ़ गया है, और तबेले का दूध भी अब पहले से महंगा मिलेगा. 

सबसे पहले बात गैस की. महानगर गैस यानी एमजीएल ने सोमवार को बताया कि मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया है. अब यहां सीएनजी 88 रुपये प्रति किलो में मिलेगी. घरेलू पीएनजी की कीमत भी 1 रुपये प्रति एससीएम बढ़ाई गई है. यह बढ़ोतरी 1 सितंबर की आधी रात से ही लागू हो चुकी है.

कंपनी का कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतें काफी बढ़ गई हैं, जिसका सीधा असर उनकी लागत पर पड़ रहा है. कंपनी को महंगे दामों पर स्पॉट आरएलएनजी आयात करनी पड़ रही है, इसलिए यह बढ़ोतरी जरूरी हो गई.


इसका असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव और कर्नाटक के चित्रदुर्ग-दावणगेरे के करीब 13 लाख सीएनजी वाहन मालिकों पर पड़ेगा. वहीं घरेलू पीएनजी लेने वाले करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को भी ज्यादा पैसे चुकाने होंगे. गौरतलब है कि दिल्ली में भी कुछ दिन पहले इंद्रप्रस्थ गैस ने सीएनजी 3.89 रुपये महंगी करके 86.98 रुपये प्रति किलो कर दी थी.

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ें: मुंबई में महंगाई का डबल अटैक... महंगी हुई CNG-PNG, ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया भी बढ़ा

दूसरा झटका सफर करने वालों को लगा है. मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण यानी एमएमआरटीए ने ऑटो और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. अब ऑटो का न्यूनतम किराया 27 रुपये और काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये हो गया है. टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो गया है, जबकि ऑटो का किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है.

पहले 1.5 किलोमीटर के लिए टैक्सी में अब 31 की जगह 33 रुपये देने होंगे. ड्राइवरों को अपने मीटर नई दरों के हिसाब से कैलिब्रेट कराने के लिए नवंबर के अंत तक का समय मिला है, वरना जुर्माना भरना पड़ सकता है. मुंबई में साढ़े चार लाख से ज्यादा ऑटो और 50 हजार से अधिक टैक्सियां चलती हैं. इससे पहले किराया फरवरी 2025 में बढ़ा था, यानी करीब 18 महीने बाद यह बढ़ोतरी हुई है.

तीसरा और सबसे सीधा असर दूध पर पड़ा है. आज से तबेले का दूध 9 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. अब यह 93 की जगह 102 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. यह नई कीमत अगले साल 28 फरवरी तक लागू रहेगी.

दूध उत्पादकों का कहना है कि पशु आहार जैसे अनाज, तूर चुनी और चना चुनी की कीमतें 25 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं, इसलिए यह फैसला लेना पड़ा. 

---- समाप्त ----

ये भी देखें

Live TV

aaj tak epaper in hindi