मुंबई ने बदला कप्तान, रोहित शर्मा के गुरुभाई पर खेला दांव, क्यों हुआ ये बड़ा ऐलान?

Published on 1 सित॰ 2026

मुंबई ने बदला कप्तान, रोहित शर्मा के गुरुभाई पर खेला दांव, क्यों हुआ ये बड़ा ऐलान?

मुंबई ने किया नए कप्तान का ऐलान. (फोटो- PTI)

Siddhesh Lad Mumbai New Captain: 42 बार की रणजी चैंपियन मुंबई क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के लिए नए कप्तान का ऐलान कर दिया है. मुंबई लगातार दूसरे साल नए कप्तान के साथ मैदान में उतरेगी. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) की सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है. वो स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले घरेलू सीजन में तीनों फॉर्मेट में मुंबई की कमान संभाली थी.

मुंबई ने क्यों बदला अपना कप्तान?

शार्दुल के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए मुंबई ने उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त करने का फैसला लिया है, हालांकि वो एक अहम खिलाड़ी के रूप में टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे. वहीं, 34 साल के सिद्धेश लाड पिछले कुछ सीजन से बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं, जिसके चलते उन पर ये बड़ा दांव खेला गया है. सिद्धेश लाड को रोहित शर्मा के गुरुभाई के नाम से भी जाना जाता है. दरअसल, सिद्धेश लाड कोच दिनेश लाड के बेटे हैं, जो रोहित शर्मा के बचपन के कोच हैं. सिद्धेश और रोहित ने लंबे समय तक साथ क्रिकेट खेला है.

2025-26 रणजी ट्रॉफी में लाड मुंबई के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जहां उन्होंने 8 मैचों में 77.40 की औसत से 774 रन बनाए, जिसमें 5 शतक शामिल थे. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें एमसीए का बेस्ट सीनियर क्रिकेटर चुना गया था. इससे पहले 2024-25 सीजन में भी उन्होंने 7 मैचों में 602 रन बनाए थे. इसके अलावा 82 फर्स्ट-क्लास मैचों के अपने करियर में लाड 44.27 की औसत से 5,623 रन बना चुके हैं, जिसमें 15 शतक और 30 अर्धशतक दर्ज हैं.

11 अक्टूबर से वानखेड़े में चंडीगढ़ के खिलाफ आगाज

रणजी ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई की टीम को एलीट ग्रुप डी में रखा गया है, जिसमें चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, रेलवे, तमिलनाडु और उत्तराखंड की टीमें शामिल हैं. मुंबई अपने 10 लीग मैचों के अभियान की शुरुआत 11 से 14 अक्टूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ करेगी. मुंबई ने आखिरी बार 2023-24 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था. ऐसे में सिद्धेश लाड के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी भी होगी.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button