पूरी उधारी इसी महीने निपटाएगी कंपनी, कर्ज-मुक्त होने की है तैयारी, रॉकेट सा उड़े कंपनी के शेयर

Published on 4 सित॰ 2026

पूरी उधारी इसी महीने निपटाएगी कंपनी, कर्ज-मुक्त होने की है तैयारी, रॉकेट सा उड़े कंपनी के शेयर

Sep 04, 2026 11:49 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • पीसी ज्वैलर लिमिटेड इसी महीने कर्ज-मुक्त होने की तैयारी में है
  • कंपनी ने 9 बैंकों का पूरा लोन चुका दिया है
  • कंपनी के शेयर शुक्रवार को BSE में 6% से अधिक चढ़कर 11.22 रुपये पर पहुंच गए हैं
Penny Stock PC Jeweller

पीसी ज्वैलर लिमिटेड ने 14 बैंकों में से 9 बैंकों की पूरी उधारी चुका दी है।

ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी के शेयर शुक्रवार को BSE में 6 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 11.22 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पीसी ज्वैलर ने अपनी उधारी चुकाने से जुड़ा एक बड़ा अपडेट दिया है, इसी के बाद कंपनी के शेयरों में यह उछाल आया है। पीसी ज्वैलर ने गुरुवार को बताया कि उसने एक और बैंक की पूरी उधारी चुका दी है। कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को किए गए एक सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत यह लोन चुकाया है।

9 बैंकों की पूरी उधारी चुकाई
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि कंपनी ने 14 कंसोर्शियम बैंकों में से 9 का पूरा बकाया लोन चुका दिया है। कंपनी ने बताया है कि हर रिपेमेंट तय तारीख से पहले पूरा किया गया है। इसके अलावा, पीसी ज्वैलर ने बाकी बचे 5 बैंकों की पूरी उधारी का 96 पर्सेंट से ज्यादा हिस्सा चुका दिया है। कंपनी ने बताया है कि वह इन बैंकों का 4 पर्सेंट से कम बकाया लोन चुकाने की राह पर है और इस महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर लेगी। कंपनी का कहना है कि इससे उसकी बैलेंस शीट मजबूत होगी। पीसी ज्वैलर लिमिटेड ने पिछले महीने जून तिमाही के नतीजों की घोषणा करते समय बताया था कि उसने 14 कंसोर्शियम बैंकों में से 7 का कर्ज निपटा दिया है।

दो साल पहले हुआ था सेटलमेंट एग्रीमेंट
पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अगुवाई वाले 14 बैंकों के कंसोर्शियम के बीच 30 सितंबर 2024 को सेटलमेंट एग्रीमेंट पर दस्तखत हुए थे। यह सेटलमेंट एग्रीमेंट स्ट्रेस्ड लोन बुक के निपटारे के लिए था, जो कि मार्च 2024 को करीब 4100 करोड़ रुपये था। कंसोर्शियम के दूसरे बैंकों में यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, IDBI बैंक, करुर वैश्य बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और IDFC फर्स्ट बैंक शामिल हैं।

325% से अधिक उछल गए हैं पीसी ज्वैलर के शेयर
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) के शेयर पांच साल में 325 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 3 सितंबर 2021 को 2.64 रुपये पर थे। पीसी ज्वैलर के शेयर 4 सितंबर 2026 को 11.22 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 3 साल में कंपनी के शेयरों में 322 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयर करीब 15 पर्सेंट लुढ़के हैं। पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 15.38 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 7.45 रुपये है।

10 टुकड़ों में शेयर बांट चुकी है कंपनी
पीसी ज्वैलर अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर देने के साथ ही शेयर का बंटवारा भी कर चुकी है। कंपनी ने जुलाई 2017 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया। कंपनी ने दिसंबर 2024 को अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा।

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें