शिक्षकों ने एजुकेशन और बोर्ड रिजल्ट सुधार पर किया मंथन: एग्जाम में बेहतर रिजल्ट के लिए कमजोर छात्रों पर फोकस, नई तकनीक सीखने पर जोर - Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News

Published on 7 सित॰ 2026

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में रविवार को शिक्षकों और पीएलसी (PLC) सदस्यों का विशेष मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में हुआ। इसका उद्देश्य शिक्षकों को एक मंच प

.

कार्यक्रम में पीएलसी सदस्यों का स्वागत किया गया और सभी का परिचय कराया गया। इसके बाद शिक्षकों ने अपने स्कूलों में किए जा रहे नए प्रयोगों और बेहतर शिक्षण तरीकों के बारे में जानकारी दी। ‘मैं शिक्षक क्यों हूं?’ विषय पर भी चर्चा हुई। शिक्षकों ने बताया कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और उनके भविष्य को संवारने के लिए किस तरह काम कर रहे हैं।

बोर्ड परीक्षा में बेहतर रिजल्ट के लिए कमजोर छात्रों पर फोकस

कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम बेहतर करने पर भी चर्चा हुई। शिक्षकों ने कहा कि कमजोर छात्रों की पहचान कर उन्हें लगातार अभ्यास कराया जाए। साथ ही हर विषय के लिए अलग रणनीति बनाई जाए और समय-समय पर बच्चों की पढ़ाई का मूल्यांकन किया जाए। इससे परीक्षा परिणाम में सुधार लाया जा सकता है।

‘एक शिक्षक, एक विचार’ विषय पर भी शिक्षकों ने अपने सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए वे अपने स्तर पर क्या कदम उठा सकते हैं।

शिक्षकों ने लिया शिक्षा व्यवस्था सुधारने का संकल्प

इस दौरान शिक्षकों ने ‘शिक्षा में अंतिम पायदान का दाग धोकर रहेंगे’ का संकल्प लिया। उन्होंने जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों को पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल देने के लिए मिलकर काम करने की बात कही।

वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षकों का खुद भी लगातार सीखते रहना जरूरी है। शिक्षकों को नई तकनीक, नए तरीकों और बेहतर शिक्षण विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में सक्रिय पीएलसी सदस्यों के काम की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। आने वाले समय की पीएलसी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा शिक्षकों के लिए कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा रहा।

अंत में सामूहिक फोटो और स्नेह मिलन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में शिक्षकों ने अनुभव साझा करने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता और बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।