डीएम ने परखी अस्पतालों की व्यवस्था: वायरल और बुखार के बढ़ते मरीजों को लेकर जिला अस्पताल का निरीक्षण किया - Firozabad News

Published on 7 सित॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Firozabad
  • Firozabad DM Hospital Inspection | Viral Fever Cases Surge Monitoring

डीएम ने परखी अस्पतालों की व्यवस्था:वायरल और बुखार के बढ़ते मरीजों को लेकर जिला अस्पताल का निरीक्षण किया

अरुण कुमार रावत | फिरोजाबाद35 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

फिरोजाबाद में मौसम बदलने के साथ सर्दी, जुकाम, बुखार और फ्लू के मामले बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला अस्पताल, 100 शैय्या अस्पताल और 200 शैय्या मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी भी मौजूद रहे।

वार्ड और ओपीडी का किया निरीक्षण, मरीजों से सीधे बात

जिलाधिकारी ने अस्पतालों के विभिन्न वार्ड, ओपीडी और परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर दवाओं की उपलब्धता, इलाज की गुणवत्ता और डॉक्टरों-कर्मचारियों के व्यवहार के बारे में भी पूछा।

बदलते मौसम को लेकर इलाज की तैयारियां जांचीं

मौसम में बदलाव के कारण इन दिनों सर्दी, जुकाम, बुखार और फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। इसे देखते हुए डीएम ने अस्पताल प्रशासन से मरीजों के इलाज की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर जांच, उपचार और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

गंदगी मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि जहां भी गंदगी या अव्यवस्था मिले, उसे तत्काल ठीक कराया जाए। अस्पताल की कोई लिफ्ट, मेडिकल उपकरण या अन्य सुविधा खराब या बंद है तो उसे जल्द से जल्द दुरुस्त कराकर चालू कराया जाए।

बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि अस्पतालों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा मानव जीवन की मूलभूत जरूरतें हैं। इन क्षेत्रों में लापरवाही करने वाले अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

सर्दी-जुकाम के लक्षणों को नजरअंदाज न करें

मौसम बदलने के साथ सर्दी, जुकाम, बुखार और फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तेज बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अधिक कमजोरी महसूस होने पर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की गई है। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं लेने से बचने की भी सलाह दी गई है। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारी और अस्पताल प्रशासन के कर्मचारी मौजूद रहे।

.