मृतक पर भी रहम नहीं : कृत्रिम घुटने निकाल ले जा रहा था कबाड़ी
September 8, 2026

A scrap dealer was carrying an artificial knee : बठिंडा। गांव भाई बख्तौर से सामने आई इस घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया, श्मशान में पिता को अंतिम विदाई देकर उनकी अस्थियां चुनने पहुंचा था बेटा। यहां एक कबाड़ बीनने वाला मृतक की चिता की राख खंगालता मिला। हैरानी की बात यह रही कि वह राख से मृतक के कृत्रिम घुटने अलग कर रहा था। परिजनों ने उसे पकड़कर घुटने वापस ले लिए। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोगों के मन में यही सवाल है कि आखिर चोरी की हद क्या अब इंसान की मौत के बाद भी खत्म नहीं होती?
बठिंडा के गांव भाई बख्तौर में सामने आई घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया। यहां एक व्यक्ति ने श्मशान से मृतक के कृत्रिम घुटने ही चोरी कर लिए। मृतक के परिजनों ने जब अस्थियां चुनने के लिए श्मशान पहुंचकर उक्त वारदात को देखा तो उनके होश उड़ गए। वहीं थाना कोतफत्ता क़े एसएचओ हरबंस सिंह ने कहा कि वो मामले की जांच कर रहे, इसके अलावा मृतक सुदागर सिंह क़े बेटे कुलविंदर सिंह ने बताया कि कबाड़ बीनने वाला व्यक्ति घुटनों की छांटी कर रहा था। गांव भाई बख्तौर निवासी कुलविंदर सिंह ने बताया कि उसके पिता सुदागर सिंह ने बीते शुक्रवार को खेत में फसल अच्छी ना होने और बारिश ना होने कारण टेंशन में आकर सल्फास निगल कर ख़ुदकुशी कर ली थी।
इसके बाद उनका गांव क़े शमशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया था। कुलविंदर सिंह ने बताया कि रविवार को परिवार के सदस्य शमशान घाट पहुंचे और मृतक की अस्थियां चुनने क़े बाद घर वापिस आ गए थे. कुलविंदर ने बताया कि जब वो दोबारा किसी कारण शमशान में आया तो देखा कि जिस जगह पर उसके पिता की चिता को मुख्य अग्नि दी गई थी, उसी जगह पर कबाड़ बिनने वाला व्यक्ति उसके पिता की चिता की बची राख़ को छाँटी करके उनके पिता क़े कृत्रिम घुटने अलग कर रहा था। जब उसने हमें देखा तो वो भागने लगा था, लेकिन हमने उसको पीछा करके पकड़ लिया और पूछताछ की थी। कुलविंदर ने बताया कि जब हम सब परिवार वालों ने पिता की अस्थियां एकत्र की थी तो हमने घुटने इस लिए छोड़ दिए थे, कि वो घुटने बदलवाये हुए थे, जो किसी खास धातु क़े बने हुए थे. उसने बताया कि कबाड़ बिनने वाले से उन्होंने घुटने वापस ले लिए और अब अस्थियों क़े साथ रख दिए है।
जब अस्थियों को किरतपुर में जलपरवाह करने जायेंगे तो साथ में घुटने भी पानी में बहा देंगे। उसने बताया कि अभी तक उन्होंने इस बारे में कोई भी किसी तरह की पुलिस क़े पास शिकायत दर्ज नहीं करवाई है. वहीं इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरी की हद यहां तक पहुंच गई कि चोर ने अंतिम संस्कार के बाद भी मृतक को नहीं बख्शा। घटना ने श्मशान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना कोतफत्ता क़े एस एच ओ हरबंस सिंह ने बातचीत दौरान बताया कि पुलिस क़े पास अभी कोई भी शिकायत नहीं पहुंची है, लेकिन पुलिस फिर भी घटना की जांच कर रही और मृतक क़े परिजनों से जानकारी हासिल कर रही है, एस एच ओ ने कहा कि अगर मृतक क़े परिजनों ने इस संबंधी पुलिस क़े पास कोई शिकायत दर्ज करवाई तो उसके हिसाब से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।