नितिन हत्याकांड: दोस्त प्रिंस की लड़ाई में मारा गया नितिन, जांघ में लगीं दो गोलियां, ये है पूरा मामला
Sat, 12 Sep 2026 12:05 AM IST
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: Mohd Mustakim Updated Sat, 12 Sep 2026 12:05 AM IST
सार
Murder in Meerut: नितिन के दोस्त प्रिंस का उसके पड़ोसी मिट्ठू से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में समझौता हो गया था। इसके बाद भी हत्यारों ने घेरकर फायरिंग कर दी। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।
बहसूमा माननगर निवासी नितिन (22) की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उस पर गोलियां चलाईं। दो दिन पहले नितिन के दोस्त प्रिंस का कॉलोनी के ही मिट्ठू से रास्ते पर निकलने को लेकर विवाद हो गया था। उसी मामले में समझौता होने के बाद भी वारदात कर दी गई। जानकारी मिलने पर एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बेटे की मौत होने पर पिता बेहोश होकर गिर गए। - फोटो : अमर उजाला
दो दिन पहले रास्ते पर निकलने को लेकर नितिन के दोस्त प्रिंस और मिट्ठू के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष जीआईसी चौराहे पर बांग्ला एकेडमी के पास आमने-सामने आ गए। यहां गाली-गलौज के बाद मारपीट हुई। मामला परिवारों तक पहुंचा तो दोनों पक्ष थाने पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया और इसके बाद युवकों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। समझौते के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।
दिनेश खटीक और एसएसपी मौके पर पहुंचे। - फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार शाम प्रिंस अपने दोस्त नितिन के साथ मध्य गंगनहर किनारे दौड़ लगाने गया था। दौड़ लगाने के बाद शाम को नितिन और प्रिंस बाइक से लौट रहे थे। प्रिंस बाइक चला रहा था, जबकि नितिन पीछे बैठा था। जैसे ही वे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार करीब छह युवकों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग कर दी। दो गोली नितिन की जांघ पर लगीं। वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
थाना हस्तिनापुर में हत्या के बाद हलचल बढ़ गई। - फोटो : अमर उजाला
प्रिंस ने तत्काल पुलिस और नितिन के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उसे मेरठ के गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान नितिन ने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक नितिन परिवार का इकलौता बेटा था।
विज्ञापन
गोली लगने पर नितिन को अस्पताल लाया गया, बाद में मौत हो गई। - फोटो : अमर उजाला
ये बोले एसएसपी
तीन टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। जल्द ही हमलावरों को पकड़ा जाएगा।
- बाथल्ला बाल गंगाधर तिलक संतोष मूर्ति, एसएसपी, मेरठ
ये भी देखें...
मेरठ: भावनपुर में धीरू की हत्या में सात साल बाद फैसला, कोर्ट ने पिता, दो बेटों और पोते को दी उम्रकैद की सजा