मन्नत पूरी नहीं हुई तो नोएडा के पंडित को बहाने से जौनपुर बुलाया, फिर किया किडनैप... मांगी रंगदारी

Published on 14 सित॰ 2026

मन्नत पूरी नहीं हुई तो नोएडा के पंडित को बहाने से जौनपुर बुलाया, फिर किया किडनैप… मांगी रंगदारी

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Noida Crime News: आस्था के नाम पर कराई गई पूजा से मनोकामना पूरी नहीं हुई तो आरोपियों ने भगवान से नाराज होने के बजाय पूजा करने वाले पंडित को ही अपना निशाना बना लिया. नोएडा के पंडित अनिल तिवारी के अपहरण और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि जौनपुर के रहने वाले आशीष और प्रवेश ने पहले पंडित से धार्मिक अनुष्ठान कराया और जब उनकी कथित मनोकामना पूरी नहीं हुई तो उन्हें दोबारा पूजा के बहाने जौनपुर बुलाकर बंधक बना लिया.

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने कुछ समय पहले अनिल तिवारी से धार्मिक अनुष्ठान कराया था, जिसके बाद जब उनकी उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिला तो उन्होंने पूजा के खर्च में पैसों को वापस लेने का फैसला किया. इसी बहाने पंडित को दोबारा जौनपुर बुलाया गया. जौनपुर पहुंचने के बाद उन्होंने कमरे में पीड़ित को बंधक बना लिया.

रंगदारी नहीं देने पर दी जान से मारने की धमकी

इसके बाद पंडित को छोड़ने के बदले आरोपियों ने परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर को परिजनों ने थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई. इस मामले में पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ पंडित को सुरक्षित बरामद करने की नहीं थी, बल्कि आरोपियों तक पहुंचकर पूरी साजिश को पर्दाफाश करने की भी थी.

पुलिस ने ऐसे आरोपियों को पकड़ा

पुलिस की दो टीमों ने आरोपियों की हर गतिविधियों पर नजर रखी और जाल बिछाया. फिर जैसे ही आरोपी रंगदारी की रकम लेने पहुंचे पुलिस ने सर्फाबाद के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान पूरे घटनाक्रम की परते खुल गईं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश में आरोपियों के साथ और लोग शामिल हैं या नहीं.

थाना प्रभारी सेक्टर-113 प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने बताया कि पूजा में खर्च किए गए पैसे वापस लेने के नाम पर दोनों आरोपियों ने पंडित को किडनैप करने का ये कदम उठाया.

ये भी पढ़ें: बेटे को पढ़ाने के लिए छोड़ी दो-दो सरकारी नौकरी अब उसी ने तोड़ दी बुजुर्ग पिता की टांग, कमरे में किया बंद

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

google button