
इंडिगो का विमानImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)
इंडिगो की एक फ्लाइट में बड़ी दुर्घटना होते-होते बची. अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6504 के कार्गो क्षेत्र में स्मोक वार्निंग इंडिकेशन के चलते उसे लखनऊ डायवर्ट किया गया. फिर लखनऊ एयरपोर्ट ने तत्काल अपने इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल को सक्रिय किया. उसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग और यात्रियों और क्रू की मदद के लिए फायर एवं रेस्क्यू, एंबुलेंस, मेडिकल, सुरक्षा एवं टर्मिनल सपोर्ट टीमें तैनात की गईं.
यह विमान 103 यात्रियों और 6 क्रू सदस्यों के साथ शाम 6 बजकर 29 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा. उसके बाद यात्रियों को सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई और स्थिति को सुचारु रूप से संभाल लिया गया. कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
सुरक्षा चेतावनी के बाद दिल्ली जाने वाली किसी फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करने की ये कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले 3 सितंबर को भी वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को उसके पिछले कार्गो होल्ड में धुआं निकलने का अलार्म बजने के बाद लखनऊ डायवर्ट किया गया था. उसके बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान IX1253 लखनऊ हवाई अड्डे पर 155 यात्रियों के साथ सुरक्षित उतर गया था. इसका साथ ही एयरपोर्ट पर आपातकालीन बचाव दल तैनात किए गए थे. हालांकि शुरुआती जांच में विमान में धुआं या आग नहीं पाई गई थी.
पिछले दिनों कई फ्लाइट्स को किया गया डायवर्ट
दरअसल, हाल के कुछ हफ्तों में खराब मौसम के कारण कई उड़ानें लखनऊ की ओर मोड़ी गई हैं. 4 सितंबर को भारी बारिश के कारण दिल्ली जा रही चार उड़ानों को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया था, जबकि 12 सितंबर को खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट को लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया था. इसके अलावा 13 सितंबर को भी खराब मौसम के कारण मुंबई से देहरादून जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को भी लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया था.
गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में भी आई थी खराबी
इससे पहले हाल ही में गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की ही एक फ्लाइट ने टेक-ऑफ के कुछ मिनट बाद पायलट द्वारा इंजन में संभावित खराबी की सूचना दिए जाने के बाद आपातकालीन लैंडिंग की थी. इस फ्लाइट ने 229 लोगों के साथ सुबह 9:16 बजे उड़ान भरी थी और सुबह 9:50 बजे सुरक्षित लैंड हो गई थी.
ये भी पढ़ें: क्या है ‘हब-एंड-स्पोक’ सिस्टम, एयर इंडिया से इमिग्रेशन में कहां हुई चूक?

अभिजीत ठाकुर
अभिजीत ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. 2014 में पत्रकारिता की शुरुआत Zee Media से हुई. दिल्ली में रिपोर्टिंग की. 2018 में ETV भारत के नेशनल ब्यूरो में बतौर रिपोर्टर जॉइन किया. इस दौरान संघ (RSS-VHP), शिक्षा, कृषि, पर्यटन के साथ किसान और मजदूरों के मुद्दों पर रिपोर्टिंग की. 2022 में TV9 भारतवर्ष जॉइन किया और दिल्ली ब्यूरो का हिस्सा रहे. इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान,महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में कई बड़ी खबरों और इवेंट्स कवर करने का अवसर मिला. 2025 में लखनऊ ब्यूरो की जिम्मेदारी के साथ दिल्ली से लखनऊ भेजा गया. 17 साल दिल्ली में रहने के बाद अब कर्मस्थली यूपी की राजधानी है. अब उत्तर प्रदेश की राजनीति, सरकार और जनता से जुड़े मुद्दों की रिपोर्ट जनता तक पहुंचाते हैं.
Read More