त्योहारों का मौका हो या घर में अचानक आए मेहमान मीठे में बेसन और बूंदी के लड्डू तो हर घर की पहली पसंद होते हैं. लेकिन लगातार एक जैसा स्वाद खाकर अगर आप बोर हो चुके हैं तो इस बार ट्राई करें गेहूं के आटे से बने एकदम सोंधे और टेस्टी लड्डू. यह लड्डू न सिर्फ खाने में बेहद लाजवाब और दानेदार होते हैं, बल्कि इन्हें बनाना भी बेहद आसान है.
अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर आटे के लड्डू बनाते समय या तो आटा मुंह में चिपकने लगता है या फिर लड्डू सही से बंध नहीं पाते और बिखर जाते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अब परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आज हम आपको एक ऐसी आसान रेसिपी और सही माप की सीक्रेट ट्रिक बताएंगे जिसकी मदद से आप घर पर एकदम परफेक्ट, मखमली और दानेदार आटे के लड्डू आसानी से तैयार कर लेंगे.
आवश्यक सामग्री (Ingredients):
सम्बंधित ख़बरें
गेहूं का आटा: 2 कप (अगर थोड़ा मोटा पिसा हो तो सबसे अच्छा)
सूजी: 2 बड़े चम्मच (आटे को बेहतरीन दानेदार और खस्ता टेक्सचर देने के लिए)
शुद्ध देसी घी: 3/4 कप
देशी बूरा, तगार या पिसी हुई चीनी: 1 कप (या स्वादानुसार)
इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
कते हुए ड्राई फ्रूट्स: 2 बड़े चम्मच (काजू, बादाम, पिस्ता)
बनाने की विधि
ड्राई फ्रूट्स रोस्ट करें: सबसे पहले कड़ाही में 1 चम्मच देसी घी डालें. घी गर्म होने पर इसमें कटे हुए काजू और बादाम डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें और एक प्लेट में निकाल लें.
आटा और सूजी भूनें (सीक्रेट तरीका): अब उसी कड़ाही में बचा हुआ सारा देसी घी डाल दें. घी पिघलने पर इसमें 2 कप गेहूं का आटा और 2 चम्मच सूजी डालें. गैस की आंच को बिल्कुल धीमा कर दें.
सोंधी भुनाई करें: आटे को कलछी से लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर भूनें. इसे तब तक भूनना है जब तक कि आटे का रंग अच्छा बादामी (गोल्डन ब्राउन) न हो जाए और उसमें से घी अलग होकर सोंधी महक न आने लगे (इसमें करीब 12-15 मिनट का समय लगेगा). तेज आंच पर भूनने से आटा कच्चा रह जाएगा और मुंह में चिपकेगा.
मिश्रण को ठंडा करें: जब आटा अच्छी तरह भून जाए, तो गैस बंद कर दें. भुने हुए आटे को एक बड़े बर्तन या परात में निकालें और इसे हल्का ठंडा (गुनगुना) होने के लिए छोड़ दें.
मीठा और फ्लेवर मिलाएं: जब मिश्रण छूने लायक गुनगुना रह जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी या बूरा, इलायची पाउडर और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें. ध्यान रहे कि बिल्कुल गर्म आटे में चीनी नहीं मिलानी है, नहीं तो चीनी पानी छोड़ देगी और मिश्रण गीला हो जाएगा.
लड्डू बांधें: अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथों में लेकर दबाते हुए एकदम गोल-गोल और परफेक्ट साइज के खस्ता लड्डू बांध लें. (अगर मिश्रण सूखा लगे और लड्डू न बंधे, तो ऊपर से 1-2 चम्मच गुनगुना देसी घी मिला लें).
---- समाप्त ----