Dhirendra Shastri Brother : बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर एक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप है. छतरपुर पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार को जमीन विवाद के दौरान घटी. गोलीकांड से जुड़ा मामला जब धीरेंद्र शास्त्री तक पहुंचा तो उन्होंने इससे खुद को अलग कर लिया. उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई शालिग्राम गर्ग से उनका कोई संबंध नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए और गोलीबारी लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
परिवार से नहीं कोई वास्ता : धीरेंद्र शास्त्री
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट में बताया गया कि न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार धीरेंद्र शास्त्री ने सिर्फ अपने भाई से ही नहीं बल्कि परिवार से भी खुद को अलग कर लिया. उन्होंने कहा कि मेरे परिवार से भी मेरा कोई वास्ता नहीं है. छतरपुर जिला और मेरा परिवार बहुत बड़ा है, इसलिए यहां किसी न किसी तरह की घटनाएं होती रहती हैं. उचित होगा कि कानून अपना काम करे और मामले की तह तक पहुंचे. उन्होंने यह भी कहा कि, मैं निवेदन करता हूं कि मुझे हर मामले में न घसीटा जाए.
गोली मारी गई, लाठी से भी पीटा
रिपोर्ट में बताया गया कि छतरपुर एसपी रजत सकलेचा के अनुसार, यह झड़प जमीन विवाद के कारण हुई. घायल व्यक्ति की पहचान मोतीलाल कुशवाहा के रूप में हुई है, जिसने बताया कि उसे गोली मारी गई और लाठी से पीटा भी गया. मंगलवार को छतरपुर जिले के राजनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कोड़ा गांव में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद गोलीबारी की घटना घटी. घायल युवक ने आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग ने दो-तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उस पर हमला किया और गोली चलाई.
जमीन हड़पने की कोशिश
घायल युवक ने बताया, "शालीग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा और दो-तीन अन्य लोग भी वहां मौजूद थे. उन्होंने मुझे पीटा और गोलियां चलाईं. वहीं तीन-चार गोलियां चलाने के साथ शालीग्राम ने लाठी चलाई और इस दौरान मेरे कान पर भी चोट लगी. वह लोगों की जमीन हड़पने की कोशिश कर रहा था; उसने पहले ही गांव की काफी जमीन पर कब्जा कर लिया था. मैंने अपनी आंखों से शालीग्राम को गोली चलाते देखा."
मामले में पुलिस का बयान
एसपी रजत सकलेचा ने बताया, "राजनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोड़ा गांव से पुलिस को दो गुटों के बीच हुए विवाद की सूचना मिली, जो एक गुट की ओर से गोलीबारी में तब्दील हो गया. सूचना मिलते ही थाना अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे; एक घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका एक्स-रे किया जा रहा है." उन्होंने आगे कहा कि एसडीओपी घटना स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और सभी आरोपों की पुष्टि की जा रही है.
औपचारिक शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू
एसपी ने बताया, "हाथापाई और उसमें इस्तेमाल किए गए हथियारों के संबंध में जांच जारी है. प्रारंभिक जांच में पीड़ित के शरीर में गोली होने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने औपचारिक शिकायत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है - तीन नामजद हैं और एक अज्ञात. शालिग्राम भी आरोपियों में से एक है." उन्होंने आगे कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें : लद्दाख में हाई-टेक एयरशिप तैनात करेगा भारत, 24x7 निगरानी से सीमा सुरक्षा होगी और मजबूत