
छात्रा थंद्रा अक्षिताराणी (फाइल फोटो).
Telangana News: तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले में 20 साल की इंजीनियरिंग छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने एक पूर्व लेक्चरर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने छात्रा से पहले सुसाइड नोट लिखवाया और फिर उसे जबरन जहर पिला दिया. इसके बाद पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. मृतका की पहचान थंद्रा अक्षिताराणी के रूप में हुई है. वह सुल्तानाबाद मंडल के गर्रेपल्ली की रहने वाली थी और माइनिंग इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी.
कार में ले गया, फिर लिखवाया सुसाइड नोट
आरोपी जेट्टी नवीन कुमार पहले नासपुर स्थित सिंगरेनी पॉलिटेक्निक में कॉन्ट्रैक्ट लेक्चरर के तौर पर काम करता था. नवीन और अक्षिताराणी के बीच पहले से संपर्क था. 12 सितंबर को नवीन छात्रा को अपनी कार में लेकर गया. आरोप है कि इसी दौरान उसने छात्रा से एक सुसाइड नोट लिखवाया. इसके बाद उसने अक्षिताराणी को जहर पीने के लिए मजबूर किया. जहर पीने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई. उसे इलाज के लिए गोदावरीखनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, इलाज के दौरान 13 सितंबर को उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- आजमगढ़ ट्रिपल मर्डर: एनकाउंटर में आरोपी अरविंद की मौत के बाद नया विवाद, बहू का शव लेने से परिवार का इनकार
शुरुआत में आत्महत्या मान रही थी पुलिस
छात्रा की मौत के बाद शुरुआती तौर पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिनसे मामला संदिग्ध लगने लगा. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके अलावा छात्रा और आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई. इन सबूतों से नवीन कुमार की भूमिका सामने आई.
बेहोश होने के बाद पिता को किया फोन
पुलिस के मुताबिक, छात्रा के बेहोश होने के बाद नवीन ने उसके मोबाइल फोन से उसके पिता को फोन किया. उसने पिता को छात्रा की तबीयत खराब होने की जानकारी दी. इसके बाद आरोपी अस्पताल से चला गया. जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि नवीन और अक्षिताराणी के बीच पहले संबंध थे. आरोप है कि नवीन ने छात्रा से शादी करने का वादा किया था. बाद में छात्रा की किसी दूसरे व्यक्ति से दोस्ती होने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था.
कार और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने इस मामले में नवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से वह कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच के लिए किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए सभी तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है.

नूर मोहम्मद शेख
हैदराबाद की हर छोटी से बड़ी खबरों पर पैनी नजर और सनसनीखेज घटनाओं को जल्द से जल्द दर्शकों तक पहुंचाने की कला शेख नूर मोहम्मद को बखूबी आती है. आजतक और एनडीटीवी जैसे राष्ट्रीय चैनल में काम करने के बाद साल 2007 से Tv9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं. TV9 तेलुगु में विभिन्न पदों पर रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए साल 2016 में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में पदोन्नत हुए, तब से दक्षिणी राज्यों के लिए TV9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है.
Read More