बेंगलुरु में इंडिगो की फ्लाइट के साथ फिर हादसा... लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराया विमान, जांच शुरू

Published on 27 सित॰ 2026

गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट (6E 6542) रविवार को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान ‘टेल स्ट्राइक’ का शिकार हो गई. हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर गया और सभी यात्री और क्रू मेंबर बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए.

बताया जा रहा है कि यह घटना दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान हुई. पहली बार कोशिश करते समय पायलट ने लैंडिंग रोक दी और विमान को हवा में ही घुमाया. दूसरी कोशिश के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया. इसके बावजूद, दूसरी कोशिश में दोपहर 1:34 बजे विमान सफलतापूर्वक लैंड कर गया.

इस मामले में, इंडिगो ने बताया कि तेज हवाओं के बीच लैंडिंग करते समय विमान का रनवे से असामान्य संपर्क हुआ. घटना के बाद, विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया यानी अभी इसे उड़ान भरने की इजाजत नहीं है. एयरलाइन ने पुष्टि की है कि विमान की पूरी तरह से मेंटेनेंस जांच की जा रही है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लाया जाएगा.

DGCA ने शुरू की जांच

इंडिगो ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है. एयरलाइन ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक फ्लाइट का संचालन नहीं किया जाएगा. फिलहाल डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.

यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था

गौरतलब है कि यह फ्लाइट गुवाहाटी से बेंगलुरु पहुंचने के बाद कोयंबटूर जाने वाली थी. कंपनी ने बेंगलुरु-कोयंबटूर रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अलग फ्लाइट की व्यवस्था की ताकि उनकी यात्रा में कोई रुकावट न आए. इस घटना से एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा और अन्य उड़ानें तय समय के अनुसार चलती रहीं.

क्या है टेल स्ट्राइक?

‘टेल स्ट्राइक’ तब होती है जब लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा जाता है. ऐसा आमतौर पर तेज़ हवाओं, असामान्य अप्रोच एंगल या लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण होता है. इंडिगो का कहना है कि यह घटना तेज हवाओं के कारण हुई. जांच अभी चल रही है, घटना का सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

कुमार कुन्दन

कुमार कुन्दन

साल 2004 में "जी न्यूज" से पत्रकारिता की शुरुआत किया। इसके बाद "टोटल टीवी", "न्यूज24", " इंडिया टीवी", इसके बाद "राजस्थान पत्रिका" अखबार और फिर टीवी 9 भारतवर्ष से जुड़ा.

Read More

google button