दोस्त ही निकला ठेकेदार का हत्यारा: यमुनानगर में श्मशान घाट के पास प्रॉपर्टी विवाद में पत्थर-डंडे बरसाए; आरोपी डेढ़ लाख की झूठी कहानी सुनाता रहा - Yamunanagar News

Published on 3 अक्टू॰ 2026

हरियाणा के यमुनानगर में श्मशान घाट के रास्ते पर मिले ठेकेदार के शव के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इरफान (55) की हत्या उसके दोस्त राकेश कुमार ने की थी। दोनों पहले मिट्टी सप्लाई के काम में पार्टनर थे। बाद में पैसों और प्रॉपर्

.

शनिवार को DSP रजत गुलिया ने बताया कि 29 सितंबर को इरफान और राकेश पांवटा साहिब गए थे। वापस लौटते समय इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि राकेश ने पहले गाड़ी रोककर पत्थर से इरफान के सिर पर वार किया। इरफान जान बचाने के लिए खेतों की तरफ भागा तो राकेश डंडा लेकर उसके पीछे दौड़ा। उसने इरफान के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

अगले दिन इरफान का शव मिलने पर राकेश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग बातें बतानी शुरू कर दीं। उसने बताया कि इरफान का किसी व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए का विवाद था। पुलिस को वारदात के दिन से ही राकेश की गतिविधियों पर शक था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। CIA-1 की टीम ने राकेश को दादूपुर हेड रोड के पास से गिरफ्तार किया है।

पहले ये तीन तस्वीरें देखिए…

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी राकेश कुमार।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी राकेश कुमार।

जेधर गांव में खेतों में मिला था इरफान का शव।

जेधर गांव में खेतों में मिला था इरफान का शव।

इरफान ईंट-भट्ठों पर मिट्टी सप्लाई की ठेकेदारी करता था।-फाइल फोटो

इरफान ईंट-भट्ठों पर मिट्टी सप्लाई की ठेकेदारी करता था।-फाइल फोटो

श्मशान घाट के रास्ते खेत में खून से लथपथ मिला था शव

जेधर गांव में 30 सितंबर की सुबह श्मशान घाट की तरफ जाने वाले रास्ते के पास खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच के दौरान मृतक की जेब से करीब 50 हजार रुपए नकद और बाइक की चाबी मिली। आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिले थे। बाद में जगाधरी के विजय नगर निवासी परिवार ने अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान इरफान के रूप में की। इरफान ईंट-भट्ठों पर मिट्टी सप्लाई की ठेकेदारी करता था।

राकेश ने बताई थी डेढ़ लाख रुपए की कहानी

शव मिलने के बाद इरफान के दोस्त राकेश ने पुलिस और परिवार को बताया था कि इरफान को किसी व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए लेने थे और इसी वजह से वह परेशान था। राकेश के मुताबिक 29 सितंबर को वह इरफान के साथ एक प्लॉट देखने के लिए पांवटा साहिब गया था। वहां से लौटते समय इरफान ने उससे छछरौली में उतारने के लिए कहा था। इसके बाद इरफान बाइक लेने नहीं आया। फोन करने पर उसका मोबाइल भी बंद मिला।

आरोपी राकेश पुलिस व परिजनों को सुनाता रहा झूठी कहानी।

आरोपी राकेश पुलिस व परिजनों को सुनाता रहा झूठी कहानी।

पुलिस को पहले दिन से दोस्त राकेश पर शक था

पुलिस के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर राकेश के बयानों और उसकी गतिविधियों में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस को उसी दिन से उस पर शक था। इसके बाद राकेश से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पूछताछ में उसने पुलिस को वारदात की पूरी जानकारी दी।

मर्डर केस की जानकारी देते DSP रजत गुलिया।

मर्डर केस की जानकारी देते DSP रजत गुलिया।

CIA-1 ने दादूपुर हेड रोड से राकेश को गिरफ्तार किया

मामले में थाना छछरौली में हत्या का केस दर्ज किया गया था। CIA-1 टीम ने कार्रवाई करते हुए खारवन गांव निवासी राकेश कुमार को दादूपुर हेड रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

DSP रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल पत्थर और डंडे समेत वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए जाएंगे। साथ ही हत्या के पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच की जाएगी।