नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) वेदांता लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष के लिए पांच रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इस पर करीब 1,955 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि विभिन्न कारोबार के विभाजन के बाद यह उसका पहला अंतरिम लाभांश है। इससे अधिक केंद्रित एवं विविधीकृत प्राकृतिक संसाधन कंपनी के रूप में नए चरण में प्रवेश करते हुए शेयरधारकों को मूल्य देने पर कंपनी के जोर की पुष्टि होती है।
वेदांता ने जानकारी में कहा, ‘‘...वेदांता लिमिटेड के निदेशक मंडल ने आज यानी आठ अक्टूबर, 2026 को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर पांच रुपये का पहला अंतरिम लाभांश मंजूर किया है। इस पर कुल 1,955 करोड़ रुपये खर्च होंगे।’’
यह लाभांश वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी के मजबूत परिचालन प्रदर्शन के तुरंत बाद घोषित किया गया है। वेदांता ने अपने विभिन्न कारोबार में व्यापक स्तर पर तेजी दर्ज की है। कंपनी ने प्रमुख कारोबार में तिमाही और छमाही उत्पादन के नए रिकॉर्ड बनाए हैं जिसमें जस्ता, फेरो अलॉय, बंदरगाह और एल्युमीनियम कारोबार का प्रदर्शन विशेष रूप से मजबूत रहा।
शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार, लाभांश के लिए रिकॉर्ड तारीख 14 अक्टूबर, 2026 तय की गई है और राशि का भुगतान निर्धारित समयसीमा में किया जाएगा।
वित्त वर्ष 2025-26 में वेदांता ने तीन अंतरिम लाभांश के जरिये 34 रुपये प्रति शेयर का लाभांश घोषित किया था। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 43.50 रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया था। कंपनी ने वर्षों से लगातार मजबूत लाभांश वितरण का रिकॉर्ड बनाए रखा है।
खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता लिमिटेड का जून, 2026 को समाप्त तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 71.8 प्रतिशत बढ़कर 5,473 करोड़ रुपये हो गया था। कंपनी ने इसका कारण वैश्विक धातु कीमतों में वृद्धि के बीच अधिक बिक्री और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को बताया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का खर्च बढ़कर 17,558 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 13,203 करोड़ रुपये था।
वेदांता लिमिटेड धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी की प्रमुख वैश्विक उत्पादक कंपनी है। वेदांता समूह की चार अलग की गई इकाइयां- वेदांता एल्युमीनियम मेटल, वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता आयरन एंड स्टील जून में शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई थीं।
भाषा निहारिका अजय
अजय