
वायुसेना दिवस के मौके पर गुरुवार को जोधपुर एयरबेस पर शानदार एयर शो आयोजित किया गया। आसमान में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने एक के बाद एक रोमांचक करतब दिखाए। सूर्यकिरण टीम के 9 हॉक एमके-132 विमानों और सारंग टीम के 5 एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव ने अपनी शानदार फॉर्मेशन से लोगों का ध्यान खींचा।
एयर शो के दौरान आसमान में भारतीय तिरंगे के रंगों की छटा देखने को मिली। सूर्यकिरण के विमानों ने करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरते हुए केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं के जरिए तिरंगा फॉर्मेशन बनाई। आसमान में एक साथ उड़ते विमानों को देखकर दर्शक रोमांचित नजर आए।
आसमान में बना DNA और हार्ट शेप
सूर्यकिरण टीम ने एयर शो के दौरान कई तरह की एरोबेटिक फॉर्मेशन प्रस्तुत कीं। विमानों ने आसमान में DNA फॉर्मेशन के साथ-साथ हार्ट शेप भी बनाया। इसके अलावा वर्टिकल क्लाइंब, इन्वर्टेड क्रॉसओवर और बैरल रोल जैसी जटिल फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया गया।सूर्यकिरण की टीम के विमानों के बीच बेहद कम दूरी पर उड़ान भरते हुए किए गए करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। तेज गति से विमानों के दिशा बदलने और एक-दूसरे के आसपास से गुजरने के दौरान पायलटों के कौशल और सटीक तालमेल की झलक देखने को मिली।
सारंग टीम ने भी दिखाया दम
एयर शो में सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के 5 ALH ध्रुव हेलिकॉप्टरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हेलिकॉप्टरों ने एक साथ हवा में कई थ्रिलिंग मूव्स और क्रॉसओवर किए।सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों ने ऐतिहासिक मेहरानगढ़ फोर्ट के ऊपर से उड़ान भरते हुए अलग-अलग फॉर्मेशन बनाई। नीले आसमान में हेलिकॉप्टरों की एक साथ उड़ान और तेज गति से किए गए मूव्स ने एयर शो को और खास बना दिया।
विदेशी एयरफोर्स के जवान भी पहुंचे
जोधपुर में इन दिनों ‘तरंग शक्ति’ युद्धाभ्यास भी चल रहा है। इसमें भारत के साथ अमेरिका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका, बांग्लादेश और जर्मनी की एयरफोर्स के जवान और अधिकारी भी हिस्सा ले रहे हैं।
अभ्यास में शामिल विभिन्न देशों की वायुसेनाओं के जवान भी एयर शो देखने पहुंचे। इससे कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का रंग भी नजर आया।वायुसेना दिवस के अवसर पर आयोजित इस एयर शो ने भारतीय वायुसेना की एरोबेटिक क्षमताओं, पायलटों के कौशल और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। सूर्यकिरण और सारंग टीम के प्रदर्शन ने जोधपुर के आसमान को रोमांच और देशभक्ति के रंगों से भर दिया।