पाकिस्तान छोड़ रहे पढ़े-लिखे लोग, सरकारी डेटा ने इस्लामाबाद की बढ़ाई टेंशन

Published on 16 अक्टू॰ 2026

पाकिस्तान छोड़ रहे पढ़े-लिखे लोग, सरकारी डेटा ने इस्लामाबाद की बढ़ाई टेंशन

15 हजार उच्च शिक्षित लोगों ने इस साल अब तक पाकिस्तान छोड़ दिया है (Photo- Getty)

पाकिस्तान की संसद में पेश रिपोर्ट के मुताबिक पढ़े-लिखे पाकिस्तानी देश छोड़ रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अब तक 15,000 से अधिक उच्च शिक्षित पाकिस्तानी विदेश जा चुके हैं. 2025 में विदेश जाने वाले उच्च शिक्षित लोगों की कुल संख्या 28,726 दर्ज की गई थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि बेहतर रोजगार और सुरक्षा की तलाश में पढ़े-लिखे लोग पाकिस्तान छोड़ रहे हैं. संसद में पेश सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश जाने वालों में डॉक्टर, इंजीनियर, आईटी पेशेवर और शिक्षाविद शामिल हैं.

जियो न्यूज उर्दू के मुताबिक, पहले की तुलना में अब भी बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे लोग पाकिस्तान छोड़ रहे हैं. मसलन, 2024 में 3,625 डॉक्टर विदेश गए, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 3,795 हो गई. 2026 में अब तक 2,093 डॉक्टर विदेश जा चुके हैं. इसी तरह, 2024 में 1,729 शिक्षक विदेश गए थे। 2025 में यह संख्या 1,725 रही, जबकि 2026 में अब तक 1,457 शिक्षक विदेश जा चुके हैं.

3 साल में 22 लाख पाकिस्तानी विदेश गए

पाकिस्तान सरकार के एक अन्य आंकड़े के मुताबिक, 2024 से 2026 के बीच रोजगार के लिए करीब 22 लाख पाकिस्तानी विदेश गए. इनमें सबसे ज्यादा लोग सऊदी अरब गए. करीब 11 लाख पाकिस्तानी रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब पहुंचे, जबकि 3 लाख से अधिक लोग संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) गए.

करीब 1.5 लाख पाकिस्तानी नौकरी के लिए ओमान गए. वहीं, इस दौरान 1.34 लाख पाकिस्तानियों ने कुवैत का रुख किया. यूरोपीय देशों की बात करें तो ब्रिटेन भी पाकिस्तानी कामगारों के प्रमुख गंतव्यों में शामिल है.

पाकिस्तान के लिए यह अहम क्यों है?

पाकिस्तान में हर साल करीब 5 लाख लोग ग्रेजुएट होते हैं. इंजीनियरिंग की बात करें तो सालाना करीब 20 हजार लोग इंजीनियर बनते हैं. इसी तरह, लगभग 36 हजार लोग डॉक्टर और डेंटिस्ट की डिग्री हासिल करते हैं. ऐसे में, बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित लोगों का विदेश जाना पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है.

वो भी तब, जब पाकिस्तान को इन लोगों की सख्त जरूरत है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, पाकिस्तान में डॉक्टरों की भारी कमी है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान में प्रति 723 लोगों पर एक डॉक्टर है, जबकि विकसित देशों में यह अनुपात 400 लोगों पर एक डॉक्टर से भी कम है.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button