टीम इंडिया के ऐलान के साथ खत्म हुआ मोहम्मद शमी का करियर? क्या इस बड़ी वजह से टीम में नहीं चुना गया

Published on 17 अक्टू॰ 2026

टीम इंडिया के ऐलान के साथ खत्म हुआ मोहम्मद शमी का करियर? क्या इस बड़ी वजह से टीम में नहीं चुना गया

मोहम्मद शमी का क्या होगा? (PC-PTI)

Mohammed Shami:न्यूजीलैंड दौरे पर खेले जाने वाली तीनों फॉर्मेट की टीम का ऐलान हो गया है. टी20 टीम का ऐलान तो पहले ही हो गया था अब वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान हुआ और बहुत ही बड़ी खबर ये है कि किसी टीम में मोहम्मद शमी को जगह नहीं दी गई. मोहम्मद शमी, जिन्होंने भारत को कई टेस्ट मैच अपने दम पर जिताए, जिन्होंने भारत के पेस अटैक को लीड किया अब ऐसा माना जा रहा है कि उनका करियर खत्म हो चुका है. मोहम्मद शमी अब शायद कभी टीम इंडिया में नहीं लौट पाएंगे. आइए आपको बताते हैं ऐसा क्यों है.

टीम इंडिया अब युवाओं पर कर रही है इन्वेस्ट

मोहम्मद शमी के सेलेक्ट नहीं होने की वजह टीम इंडिया का भविष्य की ओर देखना है. भारतीय चयनकर्ता अब आने वाले वक्त के लिए पेस अटैक को मजबूत करना चाहते हैं और यही वजह है कि न्यूजीलैंड दौरे के लिए गुरनूर बराड़, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. मोहम्मद शमी अब 36 साल के हो गए हैं और एक तेज गेंदबाज के लिए इतनी उम्र में वापसी करना मुश्किल है. भुवनेश्वर कुमार ने जरूर वापसी की है लेकिन वो टी20 फॉर्मेट के लिए चुने गए हैं और इस फॉर्मेट में शमी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है.

शमी ने घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित किया लेकिन…

मोहम्मद शमी आखिरी बार भारत के लिए 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे, जहां उन्होंने 74 रन देकर 1 विकेट लिया था. इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया लेकिन वो घरेलू क्रिकेट में लगातार विकेट ले रहे हैं.

  • शमी ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में 7 मैचों में 37 विकेट झटके
  • विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 7 मैचों में 15 विकेट चटकाए
  • सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 7 मैचों में 16 विकेट झटके
  • दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने 7 विकेट झटके.

इस प्रदर्शन से साफ है कि शमी के पास अब भी विकेट लेने की काबिलियत है लेकिन उनके ऊपर से चयनकर्ताओं का भरोसा उठ चुका है. चयनकर्ता अब आगे की ओर देख रहे हैं और उनके प्लान में अब शमी फिट नहीं बैठते. मुमकिन है कि जल्द ही ये खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा भी कह दे.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button