नाबालिग यौन शोषण मामले में जेम ग्रेनाइट्स का प्रबंधक गिरफ्तार, वीरमणि पर सातवां पॉक्सो केस - gem granites manager arrested in chennai minor exploitation case

Published on 18 अक्टू॰ 2026

नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण मामले की जांच कर रही SIT ने ग्रेनाइट कारोबारी आर वीरमणि की कंपनी जेम ग्रेनाइट्स के प्रबंधक शक्तिवेल को गिरफ्तार किया है।

नाबालिग यौन शोषण मामले में जेम ग्रेनाइट्स का प्रबंधक गिरफ्तार।

नाबालिग यौन शोषण मामले में जेम ग्रेनाइट्स का प्रबंधक गिरफ्तार।

HighLights

  1. जेम ग्रेनाइट्स प्रबंधक शक्तिवेल नाबालिग यौन शोषण में गिरफ्तार।

  2. ग्रेनाइट कारोबारी वीरमणि पर पाक्सो का सातवां मामला।

  3. कुल 11 नाबालिग लड़कियों से संबंधित शिकायतों की जांच।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। नाबालिग लड़कियों के कथित यौन शोषण के मामले की जांच कर रही SIT ने प्रमुख ग्रेनाइट कारोबारी आर वीरमणि की कंपनी जेम ग्रेनाइट्स के प्रबंधक शक्तिवेल को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य नाबालिग के बयान के आधार पर जेम ग्रेनाइट्स के संस्थापक वीरमणि के खिलाफ नया मामला भी दर्ज किया गया है। यह उनके खिलाफ पाक्सो अधिनियम के तहत दर्ज सातवां मामला है।

अधिकारियों के अनुसार, नए मामले में दर्ज कथित घटना भी वीरमणि की महिला सहयोगी शांति के आवास पर हुई थी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही वीरमणि के खिलाफ अब तक 11 नाबालिग लड़कियों से संबंधित शिकायतों की जांच की जा रही है।

यह मामला तब सामने आया, जब ग्रेटर चेन्नई पुलिस की एंटी वाइस स्क्वायड को एक पेन ड्राइव में वीडियो साक्ष्य मिले। इसके बाद वीरमणि, उनके कथित सहयोगियों शांति और महेंद्र सिम्हन को 29 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद गणेशन नामक एक अन्य व्यक्ति को 22 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।

उस पर आरोप है कि उसने अपराधों से संबंधित एक अन्य वीडियो पुलिस को सूचित किए बिना अपने पास रखा था। उसे यहां पुजल केंद्रीय जेल में रखा गया है। आगे की जांच में तीन चालकों लाजर, पार्थिबन और बाबू की कथित संलिप्तता सामने आई है। उन पर नाबालिग लड़कियों को लाकर अपराधों में मदद करने का आरोप है। तीनों को पांच अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, वीरमणि के खिलाफ दर्ज दूसरे मामले में पूछताछ के लिए उन्हें पहले पुजल जेल में दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया था। जांच का दायरा बढ़ने के साथ पुलिस ने लायड्स रोड स्थित वीरमणि के आवास, कनाथुर स्थित उनके फार्म हाउस और चामुंडेश्वरी नेचुरल स्टोन के कार्यालय परिसर में व्यापक तलाशी ली।

इस दौरान मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि रविवार को जेम ग्रेनाइट्स के प्रबंधक शक्तिवेल को वीरमणि की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।


(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)