
यामी गौतम करेंगी रावण वधImage Credit source: yamigautam/Instagram
Yami Gautam: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम इस वक्त अपनी फिल्म नई नवेली को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. फिल्म हाल ही में रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों का मिला जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है. वहीं, कुछ समय पहले एक्ट्रेस नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजी जा चुकी हैं. अब यामी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित राम लीला का भी हिस्सा बनने जा रही हैं. जी हां, वह मशहूर लव कुश रामलीला में रावण वध करेंगी. इस खास मौके के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा.
दिलचस्प बात यह है कि यामी गौतम हाल ही में अपनी फिल्म नई नवेली के एक सीन में रावण वध करती नजर आई थीं. अब वह फिल्म के उस सीन को असल जिंदगी में भी दोहराने जा रही हैं. दिल्ली की मशहूर लव कुश रामलीला में हजारों दर्शकों के सामने यामी रावण पर प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाएंगी.
कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा?
इस साल के आयोजन के बारे में लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार रामलीला की थीम महिलाओं का सम्मान रखी गई है. उन्होंने कहा, हम मानते हैं कि एक महिला सिर्फ प्यार, करुणा और ताकत की प्रतीक नहीं होती, बल्कि उसमें अन्याय और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ खड़े होने का साहस भी होता है. इसी सोच के साथ हमने इस दशहरे पर रावण वध करने के लिए नेशनल अवॉर्ड विजेता एक्ट्रेस यामी गौतम को आमंत्रित किया है. वह दिल्ली और पूरे देश की महिलाओं का प्रतिनिधित्व करेंगी और यह मजबूत संदेश देंगी कि बुराई पर अच्छाई की जीत में महिलाओं की भी उतनी ही अहम भूमिका है.
लव कुश रामलीला से जुड़ चुके हैं कई बड़े सितारे
बीते कई सालों में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां लव कुश रामलीला के भव्य रावण वध समारोह का हिस्सा बन चुकी हैं. इनमें अक्षय कुमार, अजय देवगन, जॉन अब्राहम, प्रभास, करीना कपूर और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी जैसे नाम शामिल हैं. इस साल यामी गौतम की मौजूदगी इस खास परंपरा में एक और यादगार पल जोड़ने वाली है. ऐतिहासिक लाल किला मैदान की भव्य पृष्ठभूमि में जब यामी गौतम रावण पर विजय का तीर चलाएंगी, तो यह नजारा सिर्फ दशहरे के पारंपरिक उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा. यह भारतीय महिलाओं के साहस, सम्मान और ताकत का प्रतीक भी बनेगा. साथ ही, यह अच्छाई की बुराई पर जीत के सदियों पुराने संदेश को भी दोहराएगा.

कहकशा परवीन
टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.
Read More