कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज: वाराणसी पुलिस ने व्यापारियों संग की बैठक, ढाबा और दुकानदारों को दिए निर्देश| Navbharat Live

Published on 18 जुल॰ 2026

कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज: वाराणसी पुलिस ने व्यापारियों संग की बैठक, ढाबा और दुकानदारों को दिए निर्देश

विज्ञापन

सार

Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर वाराणसी पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक कर यातायात, CCTV, स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

Varanasi Police Issues Guidelines for Traders Ahead of Shravan Month and Kanwar Yatra 2026

वाराणसी पुलिस की व्यापारियों के साथ बैठक (सोर्स- फोटो नवभारत)

विस्तार

Varanasi Kanwar Yatra 2026: वाराणसी में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के वाराणसी पहुंचने की संभावना को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने व्यापारियों के साथ गोष्ठी की। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त, संबंधित एसीपी और विभिन्न थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

मीट एवं मछली की दुकानों को मार्गों से दूर संचालित करने का निर्देश

बैठक में सभी ढाबा और होटल संचालकों को पेयजल, स्वच्छता, बिजली और रेट लिस्ट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और मुख्य मार्गों से मीट एवं मछली की दुकानों को करीब 200 मीटर दूर या गांव के भीतर संचालित करने को कहा गया।

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ें- Mathura: 9 अगस्त की कार सेवा से पहले स्वामी सच्चिदानंद महाराज को कानूनी नोटिस, कहा- दबाव में नहीं झुकेंगे

ध्वनि प्रदूषण के मानकों का पालन करने का निर्देश

पुलिस ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और जहां कैमरे नहीं हैं, वहां जल्द लगाने का अनुरोध किया। वहीं डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण के मानकों का पालन करने और अपने वाहन चालक का नाम व मोबाइल नंबर संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

रामेश्वर धाम, मिर्जामुराद के प्रमुख मंदिरों, बाबतपुर, हरहुआ और कछवा सहित विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग, मेडिकल टीम, गोताखोर, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। डीसीपी गोमती जोन ने व्यापारियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

Follow Navbharatlive whatsapp