दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, इमरान मेवाती गैंग का वांटेड सदस्य गिरफ्तार

Published on 18 जुल॰ 2026

दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, इमरान मेवाती गैंग का वांटेड सदस्य गिरफ्तार

पूछताछ में सामने आया कि साजिद उर्फ भूरा इससे पहले 2021 में राजस्थान के नीमराना में दर्ज ATM चोरी के मामले में भी शामिल रह चुका है. उस मामले में उसने अपने साथियों के साथ ATM काटकर 12.70 लाख रुपये चुराए थे.

Published byJalaj Kumar Mishra

पूछताछ में सामने आया कि साजिद उर्फ भूरा इससे पहले 2021 में राजस्थान के नीमराना में दर्ज ATM चोरी के मामले में भी शामिल रह चुका है. उस मामले में उसने अपने साथियों के साथ ATM काटकर 12.70 लाख रुपये चुराए थे.

author-image

New Update

Major crackdown by Delhi Crime Branch wanted member of Imran Mewati gang arrested

Delhi Crime Branch

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड (AGS) ने मंडावली के सनसनीखेज ATM उखाड़कर कैश लूटने के मामले में फरार चल रहे कुख्यात आरोपी साजिद उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है. आरोपी हरियाणा के नूंह (मेवात) का रहने वाला है और कुख्यात इमरान मेवाती ATM उपरूटिंग/कटर गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी कोर्ट से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर की गई.

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा (IPS) ने बताया कि आरोपी FIR नंबर 117/2026, थाना मंडावली फजलपुर में दर्ज ATM उखाड़कर चोरी के मामले में वांछित था. लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के कारण उसके खिलाफ अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किए थे. तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के बाद AGS टीम ने उसे हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू बाईपास रोड स्थित नरेंद्र टेक्नो पार्क के पास से गिरफ्तार किया.

क्या है पूरा मामला?

30 अप्रैल 2026 को मंडावली थाने में हिटाची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के लीगल एडवाइजर गौरव बैसला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था. शिकायत के मुताबिक, पश्चिम विनोद नगर स्थित ICICI बैंक के ATM में 29 अप्रैल को 22 लाख रुपये डाले गए थे. ग्राहकों द्वारा 2.67 लाख रुपये निकाले जाने के बाद ATM में 19.32 लाख रुपये बचे थे.

आरोप है कि 29 और 30 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 3 बजे से 3:20 बजे के बीच बदमाशों ने गैस कटर से ATM मशीन काटकर उसमें रखे 19,32,600 रुपये लेकर फरार हो गए.

ऐसे दबोचा गया आरोपी

डीसीपी हर्ष इंदोरा के अनुसार, हाल के दिनों में ATM चोरी, संगठित अपराध और गैंग गतिविधियों को देखते हुए क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में AGS टीम को आरोपी के बारे में पुख्ता सूचना मिली.

एसीपी भगवती प्रसाद की निगरानी और डीसीपी हर्ष इंदोरा के समग्र पर्यवेक्षण में टीम ने CDR, IPDR, लोकेशन डेटा, मोबाइल टावर डंप सहित तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल सर्विलांस किया. इसके बाद जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.

पहले भी ATM चोरी में रहा शामिल

पूछताछ में सामने आया कि साजिद उर्फ भूरा इससे पहले 2021 में राजस्थान के नीमराना में दर्ज ATM चोरी के मामले में भी शामिल रह चुका है. उस मामले में उसने अपने साथियों के साथ ATM काटकर 12.70 लाख रुपये चुराए थे.

जेल के दौरान उसकी मुलाकात कुख्यात गैंग सरगना इमरान से हुई, जिसके बाद वह उसके गिरोह में शामिल हो गया और कई राज्यों में ATM उखाड़ने और गैस कटर से ATM काटने की वारदातों को अंजाम देने लगा.

गैंग सरगना अब भी फरार

डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि गैंग का सरगना इमरान अभी भी फरार है और उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में ATM चोरी के कई मामले दर्ज हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है.