ईरान में बढ़ी अंदरूनी कलह, कट्टरपंथियों ने राष्ट्रपति और विदेश मंत्री पर लगाया सॉफ्ट तख्तापलट का आरोप

Published on 19 जुल॰ 2026

ईरान में बढ़ी अंदरूनी कलह, कट्टरपंथियों ने राष्ट्रपति और विदेश मंत्री पर लगाया सॉफ्ट तख्तापलट का आरोप

फोटो क्रेडिट- Getty Images.

अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच अब ईरान के अंदर भी सत्ता को लेकर तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है. CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के कट्टरपंथी गुटों का आरोप है कि अमेरिका के साथ बातचीत कर समझौता करने वाले नेता इस्लामिक रिपब्लिक के खिलाफ सॉफ्ट तख्तापलट की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना है कि नए सुप्रीम लीडर को किनारे कर सत्ता कुछ नेताओं के हाथ में जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह आरोप उस समय और तेज हो गया जब ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में कट्टरपंथी समर्थकों ने सरकार के खिलाफ खुलकर नाराजगी दिखाई.

खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के शुरुआती हमलों में मौत हो गई थी. अंतिम यात्रा के दौरान जब राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन खामेनेई के ताबूत के साथ चल रहे थे, तब कुछ लोगों ने समझौता करने वालों की मौत हो के नारे लगाए. वहीं विदेश मंत्री अब्बास अराघची पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके और उन्हें देश बेचने वाला गद्दार कहा. ईरानी शासन से जुड़े धार्मिक गायक मोहम्मद अली बख्शी ने एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति पजशकियान को खुलेआम धमकी दी थी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महोदय, अगर सुप्रीम लीडर की शर्तें पूरी नहीं हुईं तो हमारी तलवार होगी और आपका गला होगा. हम आपकी जिंदगी को जहन्नुम बना देंगे.

कट्टरपंथी गुटों ने क्या आरोप लगाए?

कट्टरपंथी गुटों का मानना है कि सरकार को खामेनेई की मौत का बदला लेना चाहिए था, लेकिन उसने अमेरिका के साथ समझौता कर लिया. उनका आरोप है कि यह समझौता नए सुप्रीम लीडर और खामेनेई के बेटे मुज्तबा खामेनेई की इच्छा के खिलाफ किया गया. हालांकि मुज्तबा अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. उन्होंने न तो देश को संबोधित किया है और न ही खुलकर अपनी भूमिका निभाई है. इसके बावजूद सरकार उनके नाम पर फैसले ले रही है.

कट्टरपंथियों ने सरकार पर संसद को निलंबित करने, सुप्रीम लीडर के निर्देशों की अनदेखी करते हुए अमेरिका से बातचीत करने और रात में होने वाली समर्थकों की रैलियों को रोकने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है. ईरान के सांसद महमूद नबावियन ने खामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ईरान की जनता सावधान रहे, क्या देश में तख्तापलट होने वाला है? अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने फिर लिखा कि हम खामेनेई के खून का बदला लेने के लिए खड़े हैं और तख्तापलट के खिलाफ लड़ेंगे.

क्यों लगाए जा रहे आरोप?

ईरान मामलों के एक्सपर्ट और ‘What Iranians Want’ किताब के लेखक अराश अजीजी ने CNN से कहा कि मुज्तबा खामेनेई के सामने नहीं आने की वजह से संसद के स्पीकर और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बघेर गालिबाफ, राष्ट्रपति पेजेशकियन और विदेश मंत्री अराघची ही सरकार का चेहरा बन गए हैं. कट्टरपंथियों की मुज्तबा तक पहुंच नहीं है, इसलिए वे इन्हीं नेताओं पर सत्ता हथियाने की साजिश का आरोप लगा रहे हैं. इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य कार्रवाई भी जारी है.

यह भी पढ़ें: ईरान में भीषण तबाही, बरसीं US मिसाइलें, सैनिकों की मौत से भड़के ट्रंप

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button