'बंगाल में आजादी के बाद का सबसे बड़ा राजनीतिक परिवर्तन', अमित शाह बोले- सोनार बांग्ला का सपना फिर करेंगे साकार

Published on 19 जुल॰ 2026

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो साभार: @AMITSHAH)

Photo :

Twitter

Amit Shah in Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता में कहा कि पश्चिम बंगाल में आया बदलाव आजादी के बाद किसी भी राज्य में देखे गए राजनीतिक बदलाव से बिल्कुल अलग है।

अमित शाह ने कोलकाता में अमूल के विश्व के सबसे बड़े दही प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में कहा, ''मैं प्रधानमंत्री मोदी की ओर से बंगाल वासियों का मिस्टी दही से मुंह मीठा कराने के लिए आया हूं। बंगाल में आया बदलाव आजादी के बाद किसी भी राज्य में देखे गए राजनीतिक बदलाव से बिल्कुल अलग है।

अमित शाह ने बंगाल को देश के लिए एक "ज्योति पुंज" के समान बताया और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह राज्य देश के अन्य हिस्सों से पांच दशक आगे रहता था। शाह ने बंगाल की देशभक्ति, भक्ति और बलिदान की परंपरा का उल्लेख करते हुए स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चैतन्य महाप्रभु और खुदीराम बोस जैसे महापुरुषों की सराहना की।

शाह ने सोनार बांग्ला के निर्माण का दिलाया भरोसा

इस दौरान, अमित शाह ने बंगाल की जनता को "सोनार बांग्ला" के निर्माण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, ''भाजपा ने चुनावी अभियान के दौरान जो वादे किए थे और सोनार बांग्ला की संकल्पना को जनता के सामने रखा था, उसे जमीन पर उतारने का काम पीएम मोदी के नेतृत्व में पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता करेगा और समृद्ध, शिक्षित, सुरक्षित और संस्कृत बंगाल की रचना भाजपा की सरकार के कालखंड में होगी।

उन्होंने कहा, ''हमने घुसपैठ रोकने, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं की सुरक्षा बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए और उन पर चर्चा की।'' उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल ने तीन दशकों तक वामपंथ की विदेशी विचारधारा और 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्ट शासन को झेला।

दुनिया का सबसे बड़े दही उत्पादन प्लांट का भूमिपूजन

अमित शाह ने बंगाल में अमूल बंगाल डेरी परियोजना के तहत दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखी। अमिस शाह ने न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर से हावड़ा में बनने वाले इस संयंत्र की आधारशिला डिजिटल माध्यम से रखी। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और अमूल ब्रांड के तहत डेरी उत्पादों का विपणन करने वाली गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रोजाना हजार टन दही का होगा उत्पादन

करीब 700 करोड़ रुपये के निवेश से हावड़ा फूड पार्क में बनने वाली इस परियोजना की प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता होगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, संयंत्र में हर दिन करीब 1,000 टन दही और अन्य संवर्धित डेरी उत्पादों का उत्पादन किया जा सकेगा। इसके पूरा होने के बाद यह दुनिया की सबसे बड़ी दही उत्पादन इकाई बन जाएगी।

सवा लाख से अधिक डेरी किसानों को होगा फायदा

बयान में कहा गया कि इस परियोजना से पश्चिम बंगाल के 1.25 लाख से अधिक डेरी किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनमें 30,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। इससे किसानों को दूध के लिए स्थिर बाजार उपलब्ध होगा और राज्य में डेरी सहकारी नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना राज्य में डेरी बुनियादी ढांचे के विस्तार और मूल्यवर्धित दूध प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत विकसित की जा रही है।

Anurag Gupta

अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article