केवल ढिल्लों ने पेपर लीक मुद्दे पर आप-कांग्रेस को घेरा: जालंधर पहुंचे प्रदेश भाजपा प्रधान; कहा-गुरु रविदास जयंती राज्यस्तर पर मनाई जाएगी - Jalandhar News

Published on 25 जुल॰ 2026

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों जालंधर के एक निजी होटल में आयोजित पार्टी की जनरल हाउस मीटिंग में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को पूरे राज्य में मनाएगी।

.

इसके साथ ही उन्होंने देश में पेपर लीक के मुद्दों, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और विपक्ष के रवैये पर भाजपा का रुख स्पष्ट करते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर हमला बोला।

केवल ढिल्लों ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की यह विशेष बैठक श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को भव्य रूप से मनाने की रूपरेखा तैयार करने के लिए बुलाई गई थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता विभिन्न मंदिरों, गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों पर जाकर सेवा करेगा और श्री गुरु रविदास जी के दर्शाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेगा। पूरे पंजाब में इस जयंती को उत्सव की तरह मनाने की योजना बनाई जा रही है।

पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

देश में पेपर लीक और छात्रों के आत्महत्या के मामलों पर बोलते हुए ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के भविष्य को लेकर बेहद गंभीर हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पीएम मोदी ने तुरंत सीबीआई (CBI) जांच के आदेश दिए हैं, जिसके तहत अब तक 13 दोषियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

ढिल्लों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का बचाव करते हुए उनकी सराहना की और कहा कि उन्होंने छात्रों के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।

राहुल गांधी और आप सरकार को घेरा

राहुल गांधी और जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर कड़ा निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस नेता छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोग छात्र नहीं बल्कि गुंडे हैं, जिन्हें राजनीति के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता परगट सिंह के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने सवाल किया कि 2004 से 2010 के बीच जब देश में कई पेपर लीक की घटनाएं हुईं, तब कांग्रेस सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए थे?

फरीदकोट पेपर लीक मामले पर आप पर साधा निशाना

साथ ही, पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने फरीदकोट पेपर लीक मामले का जिक्र किया और पूछा कि आप नेता यह स्पष्ट करें कि उन्होंने इस मामले में अपने शिक्षा मंत्री से इस्तीफा क्यों नहीं लिया। इसके अलावा, उन्होंने बरनाला में सफाईकर्मियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की भी कड़े शब्दों में निंदा की।