
बच्ची की मौत से सदमे परिजन
Udaipur News: राजस्थान के पर्यटन नगरी उदयपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने दिल्ली से घूमने आए एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं. पिछोला झील के किनारे स्थित एक होटल में ठहरे परिवार की दो वर्षीय मासूम बच्ची खेलते-खेलते झील में गिर गई. होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के फतेहपुर बेरी, असोला निवासी सोनू सिंह तंवर (34) अपनी पत्नी डॉ. मोनिका (29) और दो वर्षीय बेटी धीमही के साथ उदयपुर घूमने आए थे. परिवार पिछोला झील के समीप स्थित होटल जगत निवास में ठहरा हुआ था. शनिवार सुबह सभी लोग होटल की दूसरी मंजिल पर नाश्ता करने पहुंचे थे. लोगों ने बताया कि नाश्ता लेने के लिए जैसे ही पिता सोनू सिंह कुछ कदम दूर गए, उसी दौरान मासूम पास बने गोखड़े (खिड़कीनुमा खुले हिस्से) के पास खेल रही थी.
संतुलन गिड़ने के बाद झील मे गिरी
लोगों ने बताया कि मासूम बच्ची का पिता नास्ता लेने के लिए जैसे ही चला, बच्ची लड़खड़ा गई और उसका संतुलन बिगड़ गया. खेलते-खेलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पिछोला झील में जा गिरी. घटना होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. होटल स्टाफ और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल झील में उतरकर बच्ची को तलाशना शुरू किया. झील गहरी होने के कारण उसे बाहर निकालने में कुछ समय लग गया. मासूम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बच्ची की मौत से सदमे में परिजन
घटना की सूचना मिलते ही घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई. घंटाघर थाने के एएसआई ईशाक मोहम्मद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिवार एंबुलेंस से मासूम का शव लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और छोटे बच्चों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस परिवार ने उदयपुर में खुशियों भरे पल बिताने की योजना बनाई थी, वह अपनी मासूम बेटी को खोकर गहरे सदमे में लौट गया. हादसे के बाद से होटल परिसर और आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है.
रिपोर्ट- भगवान प्रजापत /उदयपुर

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More