
पृथ्वी शॉ को बनाया गया महाराष्ट्र टीम का कप्तान. (फोटो- GETTY)
Prithvi Shaw: पर्सनल लाइफ में उथल-पुथल के बीच 26 साल के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के करियर में एक बड़ा मोड़ आया है. घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र के लिए खेल रहे पृथ्वी शॉ को आगामी रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले के लिए महाराष्ट्र की सीनियर पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. महाराष्ट्र की टीम अपने अभियान का आगाज 11 से दिल्ली के पालम ए स्टेडियम में सर्विसेज के खिलाफ करेगी, जहां पृथ्वी शॉ टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगे.
पृथ्वी शॉ को इस वजह से बनाया गया कप्तान
महाराष्ट्र के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ इस पहले मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. ऋतुराज को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की अनऑफिशियल वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का कप्तान बनाया गया है. यह सीरीज पुडुचेरी में 6, 9 और 11 अक्टूबर को खेली जानी है. वहीं, 11 अक्टूबर को मैच होने के चलते गायकवाड़ रणजी ट्रॉफी के पहले दौर में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. युवा ऑलराउंडर अर्शिन कुलकर्णी भी इंडिया ए टीम का हिस्सा होने के कारण सर्विसेज के खिलाफ पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे. जिसके चलते पृथ्वी शॉ को ये बड़ा मौका मिला है.
बता दें, पृथ्वी शॉ 2025-26 के घरेलू सीजन से पहले मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र की टीम से जुड़े थे. उन्होंने पहले ही सीजन में बल्ले से जबरदस्त छाप छोड़ी थी. उन्होंने अपने डेब्यू सीजन में 7 मैचों की 11 पारियों में 537 रन बनाए थे. वो उस सीजन में महाराष्ट्र के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे. वहीं, आगामी मुकाबले में शॉ के साथ टीम में अनुभवी अनिकेत बावने, विक्की ओस्तवाल, राजवर्धन हंगरगेकर और मुकेश चौधरी जैसे खिलाड़ी भी शामिल रहेंगे.
कप्तानी का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड
रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल दोनों फॉर्मेट में पृथ्वी शॉ का कप्तानी का ट्रैक रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. 2018 में पृथ्वी शॉ ने भारतीय अंडर-19 टीम को अपनी कप्तानी में अजेय रहते हुए वर्ल्ड कप जिताया था, जिसमें फाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से रौंदा था. फिर रणजी ट्रॉफी 2021-22 में मुंबई की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया था, जहां टीम मध्य प्रदेश के खिलाफ उपविजेता रही थी. उन्होंने मुंबई को विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब भी जिताया था और उस सीजन बल्ले से ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नाबाद 227 रनों की मैराथन पारी सहित कुल 827 रन ठोके थे. अब वो पहली बार महाराष्ट्र टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More