'दिल्ली पुलिस की तरह व्यवहार मत करो': सुरक्षा में तैनात PSI से क्यों भिड़े अभिजीत दीपके; लगाया जासूसी का आरोप

Published on 8 अग॰ 2026

सीजेपी संयोजक अभिजीत दीपके ने अपने घर की सुरक्षा में तैनात पीएसआई पर लोगों से कथित तौर पर रूखा व्यवहार करने और उन्हें उनसे मिलने से रोकने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दीपके पुलिसकर्मी को फटकारते हुए उसे घर से बाहर जाने के लिए कहते और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से उसे हटाने की मांग करते नजर आ रहे हैं। दीपके ने अपने आवास के आसपास सादे कपड़ों में सीआईडी कर्मियों की मौजूदगी और उनके द्वारा ‘हिट स्प्रे’ नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में रिपोर्ट भेजे जाने का भी दावा किया है। पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।



दीपके ने पुलिसकर्मी पर क्या आरोप लगाया?


उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी उनके घर आने वाले लोगों के साथ ‘रूखा’ व्यवहार कर रहा था और वालुज एमआईडीसी इलाके में स्थित उनके आवास में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ-साथ उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था।

विज्ञापन



दीपके को घर पर सुरक्षा क्यों दी गई है?


दीपके को यह सुरक्षा उन्हें धमकियां मिलने और उनके घर पर जुटने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुहैया कराई गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सीआईडी के कुछ कर्मचारी सादे कपड़ों में उनके घर के आसपास घूम रहे थे और बाद में ‘हिट स्प्रे’ नाम के सोशल मीडिया ग्रुप में इसकी रिपोर्ट भेज रहे थे।

विज्ञापन



सोशल मीडिया पर कौन से वीडियो वायरल हुए?


शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दो वीडियो वायरल हुए, जिनमें सीजेपी संस्थापक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से फोन पर बात करते और अपने घर पर तैनात एक पीएसआई से बहस करते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में दीपके पीएसआई को फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही वह अपने घर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को वहां से हटाने की मांग करते सुनाई दे रहे हैं।



दीपके ने पुलिसकर्मी से क्या सवाल किया?


वीडियो में दीपके पीएसआई से कहते सुनाई दे रहे हैं,'जब मैं लोगों को अपने घर आने के लिए कह रहा हूं तो उन्हें अंदर आने देने में क्या परेशानी है? आप दिल्ली पुलिस की तरह व्यवहार क्यों कर रहे हैं? आज तक कोई समस्या नहीं हुई है। मैं आपको पहली बार देख रहा हूं। आप (पुलिस) मुझे यह नहीं बताएंगे कि मुझे किससे मिलना चाहिए और किससे नहीं मिलना चाहिए।' दीपके ने पीएसआई से कहा, ‘आप कृपया बाहर जाइए, मैं आपको अपने घर में नहीं चाहता।’



वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से दीपके ने क्या शिकायत की?


दूसरे वीडियो में दीपके फोन पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से उक्त पीएसआई की शिकायत करते दिखाई दे रहे हैं। सीजेपी संस्थापक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'सुरेश नाम का एक पीएसआई यहां आया है और वह मुझसे मिलने आने वाले लोगों के साथ बहुत रूखा व्यवहार कर रहा है। वह लोगों को बाहर जाने के लिए कह रहा है। क्या यह जानबूझकर किया जा रहा है? मुझे वह नहीं चाहिए, उसे यहां से हटा दीजिए।'इसी फोन कॉल के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सीआईडी के कर्मचारी उनके घर के आसपास घूम रहे हैं।



सीआईडी के लोगों को लेकर रिपोर्टर ने क्या बताया?


दीपके ने दावा किया, 'एक रिपोर्टर ने मुझे बताया कि मेरे घर के पास कुछ सीआईडी के लोग देखे गए थे। जब पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की तो उन्होंने बताया कि वे सीआईडी से हैं। रिपोर्टर ने यह भी देखा कि सीआईडी के एक कर्मचारी के फोन पर एक व्हाट्सऐप ग्रुप खुला हुआ था, जिसका नाम ‘हिट स्प्रे’ था। रिपोर्टर ने मुझे बताया कि वे यहीं से अपनी रिपोर्ट भेज रहे थे।'



ये भी पढ़ें: PM Modi Red Fort Speech: अभिजीत दीपके ने अब कौन सी ऑनलाइन मुहिम छेड़ी, पीएम के 13वें भाषण में क्या खास होगा?



पुलिस की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आई?


पीटीआई ने सीजेपी संस्थापक द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया जानने के लिए कई बार डीसीपी पंकज अतुलकर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वालुज एमआईडीसी क्षेत्र उनके अधिकार क्षेत्र में आता है।