Published: Monday, August 24, 2026, 16:25 [IST]
Raksha Bandhan 2026: 'फूलों का तारों का' और 'भइया मेरे राखी के बंधन को निभाना' जैसे सदाबहार गानों के जरिए लता मंगेशकर ने भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं को आवाज दी है। उनकी आवाज में गाए कई गीत आज भी रक्षाबंधन के मौके पर खूब सुने जाते हैं। इन्हीं में से एक गाना ऐसा भी है, जो करीब 57 साल बाद भी लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए हुए है।
भाई-बहन के रिश्ते की स्ट्रॉन्ग बॉन्डिंग
ये गाना सिर्फ एक सामान्य भाई-बहन का गाना नहीं है बल्कि इसे खास तौर पर रक्षाबंधन के त्योहार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। गाने में एक बहन अपने भाई के प्रति अपने स्नेह और प्यार का इजहार करती नजर आती है। लता मंगेशकर की सुरीली आवाज, खूबसूरत बोल और मधुर संगीत ने इस गीत को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।
रक्षाबंधन के लिए तैयार किया गया था गाना
ये खूबसूरत गीत है 'हम बहनों के लिए'। गाने की कहानी और भावनाएं पूरी तरह भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के इर्द-गिर्द बुनी गई हैं। इसमें बहन भगवान का शुक्रिया अदा करती है कि उन्होंने बहनों की रक्षा और साथ देने के लिए भाइयों को बनाया। गाने के बोल बेहद भावुक हैं और बहन के मन में भाई के लिए मौजूद प्यार, सम्मान और अपनापन बखूबी सामने लाते हैं। यही वजह है कि कई दशक बीत जाने के बाद भी यह गीत रक्षाबंधन के मौके पर लोगों को भावुक कर देता है।
अनजाना फिल्म का हिस्सा था ये गीत
'हम बहनों के लिए गाना' साल 1969 में रिलीज हुई फिल्म अनजाना का हिस्सा था। फिल्म में राजेंद्र कुमार और बबीता जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में थे। इस रक्षाबंधन गीत को राजेंद्र कुमार और नाजिमा पर फिल्माया गया था। गाने के दृश्यों में भाई-बहन के रिश्ते की मासूमियत और प्यार को खूबसूरती से दिखाया गया था। राखी बांधने की रस्म और भाई के प्रति बहन की भावनाओं ने इस गीत को रक्षाबंधन के सबसे यादगार गानों में शामिल कर दिया।
आनंद बख्शी ने लिखे थे गीत के बोल
'हम बहनों के लिए' के बोल मशहूर गीतकार आनंद बख्शी ने लिखे थे। वहीं इसकी मधुर धुन संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार की थी। जब इन दिग्गज कलाकारों की रचनात्मकता लता मंगेशकर की आवाज से मिली तो एक ऐसा गीत तैयार हुआ जो आने वाली पीढ़ियों तक याद रखा गया। लता मंगेशकर की आवाज ने इस गीत की भावनाओं को और गहराई दी। उनकी गायकी में बहन का भाई के लिए प्यार और रिश्ते की गर्माहट साफ महसूस होती है।
आज भी रक्षाबंधन पर जरूर सुनते हैं लोग
-रक्षाबंधन के मौके पर आज भी पुराने हिंदी फिल्मी गीतों की प्लेलिस्ट में हम बहनों के लिए अपनी जगह बनाए हुए है। सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स के दौर में भी इस पुराने गीत की लोकप्रियता कम नहीं हुई है।
-भाई-बहन के रिश्ते पर बने इस गीत की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसके बोल और भावनाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक लगती हैं। लता मंगेशकर की आवाज में रिकॉर्ड यह गीत रक्षाबंधन की पुरानी यादों को ताजा करने के साथ-साथ भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती का एहसास भी कराता है। यही वजह है कि 57 साल पुराना होने के बावजूद हम बहनों के लिए, आज भी रक्षाबंधन के खास गीतों में गिना जाता है और हर साल त्योहार के मौके पर इसकी मिठास फिर से सुनाई देती है।