'रामायण' ट्रेलर देखने के बाद निर्देशक एटली ने सोशल मीडिया पर खुलकर तारीफ की। उन्होंने रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और पूरी टीम को ब्लॉकबस्टर की शुभकामनाएं दीं।
नितेश तिवारी की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर सामने आने के बाद इसे लेकर एक्साइटमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शाहरुख़ खान स्टारर 'जवान' के डायरेक्टर एटली भी इस फिल्म के मुरीद हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और फिल्म की स्टारकास्ट की खुलकर तारीफ की। एटली ने ट्रेलर का रिव्यू करते हुए फिल्म के विजन, विजुअल्स और कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए इसे बेहद भव्य और जादुई अनुभव बताया। उनके इस रिएक्शन के बाद सोशल मीडिया पर 'रामायण' को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
एटली ने 'रामायण' ट्रेलर देखकर क्या कहा?
एटली ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म की पूरी टीम की तारीफ की। उन्होंने लिखा, "मैं 'रामायण' का ट्रेलर देखकर पूरी तरह हैरान रह गया। नमित मल्होत्रा सर का विजन कमाल का है और नितेश तिवारी सर का काम शानदार है। यश भाई बेहद खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं, रणबीर कपूर भाई शानदार लग रहे हैं और साई पल्लवी अलौकिक दिखाई दे रही हैं। हर फ्रेम भव्य, नया और जादुई महसूस होता है। पूरी टीम को ब्लॉकबस्टर की शुभकामनाएं। यह फिल्म सचमुच एपिक लग रही है।"

यह भी पढ़ें : 4000 करोड़ की 'रामायण' में साई पल्लवी की कास्टिंग पर भड़के दिग्गज एक्टर
एटली के रिएक्शन की इतनी चर्चा क्यों हो रही है?
एटली भारतीय सिनेमा के सफल डायरेक्टर्स में गिने जाते हैं। ऐसे में उनकी ओर से 'रामायण' की खुलकर तारीफ किए जाने को फिल्म के लिए बड़ा समर्थन माना जा रहा है। लंबे समय से इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े प्रोजेट्स में से एक बताया जा रहा है और अब इंडस्ट्री से भी इसे पॉजिटिव रिएक्शन मिल रहे हैं।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कौन-कौन से सितारे पहुंचे थे?
हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम के दौरान 'रामायण' का ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस भव्य समारोह में यश, रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रकुल प्रीत सिंह, सनी देओल, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल, रवि दुबे, कुणाल कपूर और शोभना समेत कई सितारे मौजूद रहे। ट्रेलर लॉन्च को फिल्म के सबसे बड़े प्रमोशन कैंपेन में से एक माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : Ramayana: माता सीता बनने के लिए क्या करती थीं साई पल्लवी?
रामायण ट्रेलर दुनिया भर के दर्शकों तक कब पहुंचेगा?
निर्माताओं ने घोषणा की है कि 20 जुलाई 2026 को कॉमिक-कॉन सैन डिएगो 2026 में 'रामायण' का ट्रेलर वैश्विक दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद 24 जुलाई को ट्रेलर ऑनलाइन रिलीज किया जाएगा, ताकि दुनियाभर के दर्शक इसे देख सकें। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की घोषणा के बाद से ही यह भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही है।