Ratlam Bus Accident: रतलाम में आधी रात पलटी स्लीपर बस, 28 यात्री घायल; ढाबे में घुसने से बाल-बाल बची - Haribhoomi

Published on 4 सित॰ 2026

रतलाम के रत्तागिरी के पास महू-नीमच फोरलेन पर बारिश के दौरान भीलवाड़ा से नासिक जा रही स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 28 यात्री घायल हुए। बस ढाबे में घुसने से बाल-बाल बची। पुलिस और ग्रामीणों ने यात्रियों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। ज्यादातर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन यात्रियों को निजी अस्पताल ले जाया गया।

Ratlam Bus Accident

28 यात्री घायल; ढाबे में घुसने से बाल-बाल बची

  • Published: 04 Sep 2026, 01:47 PM IST
  • Last Updated: 04 Sep 2026, 01:47 PM IST

रतलाम: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। महू-नीमच फोरलेन पर ग्राम रत्तागिरी के पास बारिश के दौरान भीलवाड़ा से नासिक जा रही स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 28 यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि बस सड़क किनारे बने ढाबे में घुसने से कुछ दूरी पहले ही पलट गई। अगर बस ढाबे से टकराती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

घटना बिलपांक थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार बस क्रमांक MP-44-ZE-9511 राजस्थान के भीलवाड़ा से रतलाम होते हुए महाराष्ट्र के नासिक जा रही थी। रात करीब डेढ़ बजे बस रत्तागिरी गांव के पास टर्न पर पहुंची। उस समय बारिश हो रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

ब्रेक लगाने पर और फिसली बस
डिवाइडर से टकराने के बाद बस लहराने लगी। चालक ने बस को संभालने के लिए ब्रेक लगाया, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से बस बाईं ओर उतर गई। बस सड़क किनारे बने ढाबे की तरफ जाने लगी। चालक ने दोबारा नियंत्रण की कोशिश की, लेकिन बस ढाबे से कुछ दूरी पर जाकर पलट गई।

हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस और ग्रामीणों ने यात्रियों को निकाला
कुछ यात्री बस से खुद बाहर निकल आए, जबकि कई लोग अंदर फंस गए थे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन से चार एंबुलेंस मौके पर बुलाई गईं। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक ज्यादातर यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। तीन यात्रियों को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आईं, जिन्हें उनके परिजन आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।

क्रेन से सीधी कराई गई बस
हादसे के बाद बस सड़क पर पलटी रही। पुलिस ने क्रेन बुलवाई और सुबह करीब सवा चार बजे बस को सीधा कराकर सड़क किनारे खड़ा कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बारिश और सड़क पर फिसलन के बीच बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।