बीए द्वितीय वर्ष की 20 वर्षीय छात्रा, बाइक सवार युवक और पैदल जा रहे 55 वर्षीय व्यक्ति के साथ हुआ हादसा। सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हरियाणा के हिसार, करनाल और नारनौल में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
- Published: 12 Jul 2026, 04:56 PM IST
- Last Updated: 12 Jul 2026, 04:56 PM IST
हरियाणा के अलग-अलग जिलों में भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। हिसार में जहां पेपर देने जा रही एक होनहार छात्रा तेज रफ्तार का शिकार हो गई, वहीं करनाल में नेशनल हाईवे पर बने एक गहरे गड्ढे ने बाइक सवार को मौत की नींद सुला दिया। इसके अलावा, नारनौल में राजस्थान सीमा के पास एक अज्ञात वाहन ने दिल्ली में काम करने वाले शख्स को टक्कर मार दी।
हिसार में परीक्षा केंद्र जा रही बीए की छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, पिता गंभीर
हिसार जिले के अग्रोहा थाना क्षेत्र के बरवाला इलाके के गांव बालक के रहने वाले विनोद कुमार शनिवार सुबह करीब 8 बजे अपनी 20 वर्षीय बेटी कुसुम को बाइक पर बैठाकर परीक्षा दिलाने जा रहे थे। कुसुम बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और उसका परीक्षा केंद्र आर्य नगर में था।
जैसे ही दोनों किरोड़ी से आगे सिंधोल गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही मिट्टी से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में पिता-पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों ने तुरंत दोनों को अग्रोहा के महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुसुम को मृत घोषित कर दिया। घायल पिता का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
करनाल में नेशनल हाईवे का गड्ढा बना काल, पानीपत के युवक की गई जान
दूसरी दुखद घटना करनाल के कोहंड गांव के पास नेशनल हाईवे पर सामने आई। यहां सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे के कारण बाइक अनबैलेंस हो गई, जिससे पानीपत के अजीजुल्ला पुर निवासी दीपक (पुत्र जय भगवान) की सड़क पर गिरकर मौत हो गई। दीपक अपनी बाइक से पानीपत की ओर जा रहा था।
स्थानीय निवासियों के अनुसार हाईवे पर सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके चलते बीच सड़क पर बड़ा गड्ढा बना हुआ था। लापरवाही की बात यह है कि वहां वाहन चालकों की सतर्कता के लिए कोई संकेतक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। लोगों का आरोप है कि खराब सड़क और बिखरी रोड़ी के कारण यहां रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
नारनौल में राजस्थान बॉर्डर पर अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत
तीसरा हादसा महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में राजस्थान सीमा के पास हुआ। गांव नांगल काठा के रहने वाले 55 वर्षीय रामौतार उर्फ महाश्य दिल्ली में एक डेयरी फार्म पर नौकरी करते थे। वे अपने गांव आए हुए थे और पैदल ही राजस्थान बॉर्डर पर स्थित दुलोठ अहीर गांव में अपने भाई की सीमेंट की दुकान पर जा रहे थे।
भालोठ और दुलोठ के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने उनके आधार कार्ड से पहचान कर परिजनों को सूचित किया। परिवार वाले पहले उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए राजस्थान के निंबी गांव के एक डॉक्टर के पास ले गए और पट्टी करवाकर घर ले आए, लेकिन रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और दम तोड़ दिया। राजस्थान की पचेरी कलां थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।