Rohtak Murder: बर्थडे पर 17 साल के लड़के हत्या, ITI के 15-20 छात्रों से हुआ था झगड़ा, हमले के बाद आरोपी फरार - Haribhoomi

Published on 15 सित॰ 2026

फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया और पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए; अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने अरमान को मृत घोषित किया। आरोपी वारदात के बाद फरार हैं; पुलिस आरोपियों की पहचान और हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।

Arman Murder Case.

रोहतक के महम में जन्मदिन के दिन 17 वर्षीय अरमान की ITI के 15-20 छात्रों ने की हत्या।

  • Published: 15 Sep 2026, 04:36 PM IST
  • Last Updated: 15 Sep 2026, 04:51 PM IST

Rohtak Murder: रोहतक के महम में मंगलवार को अपने जन्मदिन के दिन 17 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक हुडा सिटी पार्क में मौजूद था, जहां किसी बात को लेकर उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि झगड़ा बढ़ने पर युवकों ने उसके चेहरे, छाती और पेट पर चाकू से कई वार किए।

मृतक की पहचान निंदाना खास गांव निवासी अरमान के रूप में हुई है। मंगलवार को ही उसका 17वां जन्मदिन था। हमले के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में पार्क में छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

ITI के 15-20 छात्रों से हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे अरमान हुडा सिटी पार्क में था। इसी दौरान वहां ITI में पढ़ने वाले करीब 15 से 20 युवकों से किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि युवकों ने चाकू निकालकर अरमान पर हमला कर दिया।

हमले में अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पार्क में खून के निशान मिले
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को पार्क में खून के निशान मिले हैं। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।

हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अरमान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जन्मदिन के दिन हुई इस वारदात से परिजन सदमे में हैं।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।