छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पंचायत प्रतिनिधियों से RTI आवेदन के नाम पर पैसे मांगने और दबाव बनाने का मामला सामने आया है। बालोद ब्लॉक सरपंच संघ ने इस मामले में बालोद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संघ ने थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा को आवेदन सौंप
.
सरपंच संघ का आरोप है कि कुछ लोग खुद को पत्रकार बताकर पंच-सरपंचों के खिलाफ RTI आवेदन लगाते हैं। इसके बाद संबंधित जनप्रतिनिधियों से रुपए की मांग की जाती है। पैसे नहीं देने पर वीडियो प्रसारित करने और बदनाम करने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
संघ ने पुलिस से वीडियो, बातचीत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो सामने आने के बाद थाने पहुंचे सरपंच
सोशल मीडिया पर मामले से संबंधित वीडियो प्रसारित होने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी सामने आई। झलमला के पंच आदित्य दुबे ने भी पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
RTI का इस्तेमाल पारदर्शिता के लिए हो
सरपंच संघ का कहना है कि RTI कानून का उद्देश्य सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाना है। यदि कोई इसका इस्तेमाल दबाव बनाने या रुपए मांगने के लिए कर रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
पत्रकार बनकर वसूली का आरोप
ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष कृष्णा राम साहू ने आरोप लगाया कि जिले में कुछ लोग सोशल मीडिया या यूट्यूब चैनल शुरू कर खुद को पत्रकार बताकर पंचायतों में रुपए की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि रुपए नहीं देने पर संबंधित पंचायत या जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अनर्गल खबरें प्रकाशित करने का दबाव बनाया जाता है। उन्होंने सरकार से पत्रकारिता के क्षेत्र में स्पष्ट मापदंड तय करने की मांग की है।
तरौद के सरपंच धर्मेंद्र रामटेके ने कहा कि चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखने के लिए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का पालन जरूरी है। उन्होंने सरकार से पत्रकारिता के क्षेत्र में शैक्षणिक योग्यता और अन्य आवश्यक मापदंड तय करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आपराधिक मामलों में आरोपी रहे लोग भी सोशल मीडिया पर न्यूज के नाम से आईडी बनाकर खुद को पत्रकार बता रहे हैं। इससे वास्तविक पत्रकारों की छवि प्रभावित हो रही है।
बिना पंजीयन पोर्टल बनाकर वसूली का आरोप
झलमला के पंच आदित्य दुबे ने आरोप लगाया कि कुछ लोग किसी अखबार या टीवी चैनल से जुड़े नहीं हैं, फिर भी सोशल मीडिया पोर्टल बनाकर पत्रकार होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
RTI कार्यकर्ता ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मामले में नाम सामने आने के बाद RTI कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रितेश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है।
टीआई बोले- शिकायत मिली, जांच के बाद होगी कार्रवाई
बालोद कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने कहा कि सरपंच संघ की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।