- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Durg bhilai
- Durg RTO Fake Number Plate Case | Car Owner Arrested For Traffic Fines
दुर्ग-भिलाई59 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रायपुर के एक युवक की कार कहीं गई ही नहीं, लेकिन करीब एक साल तक उसके नंबर पर ट्रैफिक चालान और टोल की रकम कटती रही। जांच में पता चला कि उसकी कार का पंजीयन नंबर दूसरी टोयोटा यारिस पर लगाया गया था। पुलिस ने आरोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर निवासी 26 वर्षीय मोनिश सोनी के नाम टोयोटा यारिस CG 07 BZ 5226 दुर्ग RTO में पंजीकृत है। मोनिश को पिछले करीब एक साल से अपने वाहन के नाम पर अलग-अलग जगहों के ट्रैफिक चालान और टोल कटने के मैसेज मिल रहे थे। उनके मुताबिक उनकी कार ओडिशा तक नहीं गई, फिर भी नंबर पर करीब 2 हजार रुपए के चालान और 7 से 8 हजार रुपए की टोल राशि कट गई।
मैसेज आते रहे तो नंबर प्लेट पर हुआ शक
लगातार अनजान जगहों से चालान और टोल के मैसेज आने के बाद मोनिश को शक हुआ कि कोई दूसरा व्यक्ति उनकी कार का नंबर इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने 24 अगस्त को मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एक नंबर, दो कारों का खेल
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। तलाश के दौरान हरी नगर स्थित रजत डोम के पास एक टोयोटा यारिस संदिग्ध हालत में मिली। इस कार पर भी CG 07 BZ 5226 नंबर लगा हुआ था। जांच में सामने आया कि कार आरोपी विजय सेन (28), निवासी हरी नगर, दुर्ग की है।
दूसरी कार पर लगाया था फर्जी नंबर
पुलिस के मुताबिक विजय सेन अपनी टोयोटा यारिस पर दूसरे वाहन का पंजीयन नंबर इस्तेमाल कर रहा था। इसके चलते सड़क पर चलने वाली आरोपी की कार के चालान और टोल की जानकारी रिकॉर्ड में मोनिश की कार के नाम पर दर्ज हो रही थी। इससे वास्तविक वाहन मालिक को बिना गलती के आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी उठानी पड़ी।
3 लाख की कार जब्त, आरोपी गिरफ्तार
मोहन नगर पुलिस ने संदिग्ध टोयोटा यारिस को जब्त कर विजय सेन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। जब्त कार की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।
फर्जी नंबर से और क्या किया, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पिछले दिनों किन-किन स्थानों पर वाहन चलाया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नंबर का इस्तेमाल केवल चालान और टोल से बचने के लिए किया गया या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।
चार धाराओं में केस दर्ज
मोनिश की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 600/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 336(3), 340(2), 345(3) और 347(1) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
वाहन मालिक भी रहें सतर्क
यह मामला वाहन मालिकों के लिए भी चेतावनी है। अगर अपने वाहन के नाम पर अनजान जगहों से चालान या टोल कटने के मैसेज मिल रहे हैं, तो उन्हें नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस से शिकायत करना जरूरी है।
.