
सरफराज खान ने चोटिल साई सुदर्शन की जगह ली हैImage Credit source: PTI
श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने गई भारतीय क्रिकेट टीम में एक और बदलाव हुआ है. जसप्रीत बुमराह के बाहर होने के बाद साई सुदर्शन भी इस दौरे से बाहर हो गए हैं. पहले ही ये खबरें आने लगी थीं कि सुदर्शन इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वो पूरी तरह चोट से नहीं उबरे हैं. अब BCCI ने भी ऐलान कर दिया है कि सुदर्शन इस सीरीज का हिस्सा नहीं बनेंगे. बाएं हाथ के बल्लेबाज के रिप्लेसमेंट के रूप में BCCI ने सरफराज खान को चुना है, जो जल्द ही कोलंबो में टीम इंडिया से जुड़ेंगे.
सरफराज खान को ही क्यों चुना गया?
रविवार 9 अगस्त को भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच खेले गए अभ्यास मैच के खत्म होने के कुछ देर बाद ही BCCI ने इस बदलाव का ऐलान किया. अपनी प्रेस रिलीज में बोर्ड ने बताया कि दाएं पैर में हुए स्ट्रेस फ्रैक्चर से जूझ रहे सुदर्शन अच्छी तरह उबर रहे हैं और बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (CoE) में हैं, जहां मेडिकल टीम उन पर नजर बनाए हुए हैं. बोर्ड ने साफ किया कि इस सुधार के बावजूद सुदर्शन इस टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और यही कारण है कि सेलेक्शन कमेटी ने सरफराज खान को चुना है.
🚨 NEWS 🚨
Sai Sudharsan ruled out of the #SLvIND Test series; Sarfaraz Khan named replacement.
Details 🔽 #TeamIndia https://t.co/lF6h8jabZd pic.twitter.com/Dk0C4HI37p
— BCCI (@BCCI) August 9, 2026
सरफराज खान जनवरी 2025 के बाद से ही टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था. पिछली बार वो नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में खेलते हुए नजर आए थे. मगर इसके बाद से ही वो टीम से बाहर चल रहे थे, जिस पर काफी सवाल उठे थे. लगातार हो रही अनदेखी के कारण सेलेक्शन कमेटी और टीम मैनेजमेंट की आलोचना भी हो रही थी. मगर अब वो टीम में लौट आए हैं. सरफराज के सेलेक्शन की सबसे बड़ी वजह ये है कि वो स्पिन के खिलाफ उनका गेम काफी मजबूत है और बिना दबाव में आए वो रन बटोरने में सफल रहते हैं. यही कारण है कि श्रीलंका की मुश्किल परिस्थितियों के लिए उनकी वापसी हुई है.
अपनी बारी के लिए करना होगा इंतजार
हालांकि, इसके बावजूद भी 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 में सरफराज को जगह मिलने की उम्मीद लगभग नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि सुदर्शन टीम इंडिया में तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हैं और इस रोल में सरफराज ने अभी तक बल्लेबाजी नहीं की है. साथ ही टीम इंडिया के अभ्यास मैच में देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे नंबर पर ही एक बेहतरीन शतक लगाकर अपनी दावेदारी को मजबूत किया है. वहीं मिडिल ऑर्डर में सरफराज का मुकाबला ध्रुव जुरेल से है और फिलहाल उन्हें प्राथमिकता मिलनी तय है. ऐसे में टीम में लौटने के बावजूद उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना होगा.
टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More