SBI में नौकरियों की बहार, 12 हजार पदों पर बंपर भर्ती की तैयारी; चेयरमैन ने दिए बड़े संकेत

Published on 8 सित॰ 2026

नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में बड़े पैमाने पर नई नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। बैंक के चेयरमैन सीएस सेट्ठी ने संकेत दिए हैं कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक क्लर्क और ऑफिसर कैडर में लगभग 11,000 से 12,000 नए कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। बैंक की आवश्यकता और आगामी रिटायरमेंट के आधार पर इन पदों की संख्या में फेरबदल भी संभव है।

देशभर में 250 नई शाखाएं खोलने की योजना, बढ़ेगी मैनपावर की जरूरत

एसबीआई न केवल रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम कर रहा है, बल्कि अपने बैंकिंग नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार कर रहा है। बैंक प्रबंधन वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान देशभर में करीब 200 से 250 नई शाखाएं खोलने की योजना पर आगे बढ़ रहा है। छोटे-बड़े शहरों के अलावा नए विकसित हो रहे आवासीय इलाकों और उभरते वाणिज्यिक केंद्रों तक पहुंच बनाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भारी दरकार होगी, जिसे देखते हुए इस भर्ती अभियान को बेहद अहम माना जा रहा है।

पिछले साल 25 हजार से ज्यादा नियुक्तियां, कर्मचारियों का आंकड़ा 2.45 लाख के पार

एसबीआई की ताजा वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, बैंक में काम करने वाले कुल कर्मचारियों की संख्या अब 2.45 लाख से अधिक हो चुकी है। इससे पहले वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक ने रिकॉर्ड 25,633 पदों पर नियुक्तियां की थीं, जिसमें 4,640 अधिकारी, 19,340 क्लर्क (एसोसिएट्स) और 1,653 संविदा कर्मचारी शामिल थे। इसके अलावा 1,500 आईटी विशेषज्ञों को भी टीम का हिस्सा बनाया गया था। इस बार भी 12 हजार नई भर्तियों के ऐलान से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

You Might Be Interested In

  • उम्र के फर्जीवाड़े में फंसा भारतीय क्रिकेटर, BCCI ने ठोका 2 साल का बैन; ऑस्ट्रेलिया सीरीज से कटा पत्ता
  • नशे का खौफनाक असर! लुधियाना में 3 महीने की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, पति और दादा हिरासत में
  • किराए के लालच में मौत का महल! पुरानी नींव पर खड़ी कर दीं 4 मंजिलें, सत्य निकेतन हादसे में बड़ा खुलासा
  • दिल्ली-NCR को मिलेगा एक और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 45 हजार दर्शकों की होगी क्षमता; तैयारियां तेज
  • VIDEO: दुबई में 30 हजार रुपए महीना देकर कैसा मिलता है कमरा? भारतीय महिला ने दिखाया ‘माचिस की डिब्बी’ जैसा आशियाना
  • 12 हजार फीट से बिना खुले पैराशूट के नीचे गिरी महिला स्काइडाइवर, फिर ऐसे बची जान; चमत्कार देख लोग हैरान