- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Mirzapur
- Kachhava
- Mirzapur Suicide Case | Girl Jumps Into Ganga River After Mobile Scolding
भानु प्रताप सिंह | कछवा, मिर्जापुर22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कराई गई।
मिर्जापुर के कछवा थाना में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 19 वर्षीय युवती ने अपने पिता के सामने भटौली पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। रामापुर गांव निवासी सपना सरोज को उसके पिता ने मोबाइल चलाने को लेकर डांटा था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई थी। देर तक वापस नहीं लौटने पर पिता उसकी तलाश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि पिता जयप्रकाश को तलाश के दौरान सपना भटौली पुल पर दिखाई दी। वह बेटी के पास पहुंचे, इससे पहले ही सपना ने अचानक गंगा में छलांग लगा दी। आंखों के सामने बेटी को नदी में कूदते देख पिता की हालत बिगड़ गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कराई गई।
जयप्रकाश के मुताबिक, भटौली पुल पर पहुंचने के बाद उन्हें सपना दिखाई दी। वह बेटी की तरफ बढ़े ही थे कि सपना ने अचानक गंगा में छलांग लगा दी।
बेटी को आंखों के सामने नदी में कूदते देख पिता बदहवास हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक युवती का कोई पता नहीं चला।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
रील बना रहे युवक ने भी देखी घटना
पुल पर मौजूद एक युवक के मुताबिक, वह रील बना रहा था। इसी दौरान युवती दुपट्टे से चेहरा बांधकर पैदल पुल की ओर आती दिखाई दी। उसके पीछे एक व्यक्ति बाइक से आ रहा था। युवक के अनुसार, बाइक सवार के पहुंचने से पहले ही युवती ने गंगा में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रील बना रहे युवक ने बताया कि पिता के पहुंचने से पहले ही युवती ने गंगा में छलांग लगा दी।
गंगा में तेज बहाव, SDRF को तलाश में परेशानी
स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम के अनुसार, गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और नदी में तेज बहाव है। इसके चलते पानी के अंदर युवती की तलाश करने में कठिनाई आ रही है।
परिजनों के मुताबिक, सपना पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी शादी भी तय हो चुकी थी। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष बोले- SDRF कर रही तलाश
कछवा थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि युवती द्वारा गंगा में छलांग लगाए जाने की सूचना मिली थी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि गंगा में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है। टीम लगातार युवती की तलाश में जुटी है।
.