बिहार में गंगा के उफान से पटना सिटी में बढ़ा खतरा, महावीर घाट-भद्र घाट की सड़कों पर पानी; SDRF-NDRF अलर्ट
Updated: Sat, 22 Aug 2026 05:37 PM (IST)
भद्र घाट और महावीर घाट की सड़कों पर पानी
पटना सिटी में गंगा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, जिससे महावीर घाट की सड़कें पानी में डूब गई हैं. अधिकारियों ने SDRF और NDRF टीमों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है.
Patna Flood Update : गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से पटना सिटी के गंगा घाटों पर खतरा बढ़ने लगा है. महावीर घाट पर गंगा का पानी सड़क पर बहने लगा है. शुक्रवार को जहां पानी सड़क को छू रहा था, वहीं शनिवार को पानी बढ़कर सड़क किनारे स्थित मंदिर तक पहुंच गया. सड़क पर पानी बहने के बावजूद गायघाट से कंगन घाट तक बने तटवर्ती मार्ग पर वाहनों का परिचालन जारी है.

महावीर घाट की सड़क पर बह रहा गंगा का पानी
महावीर घाट पर जलस्तर बढ़ने से सड़क पर पानी जमा हो गया है. शनिवार को पानी सड़क पर घुटने तक पहुंच गया और किनारे स्थित मंदिर को भी स्पर्श कर गया. गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है.

भद्र और कंगन घाट पर भी बढ़ा जलस्तर
भद्र घाट पर गंगा का पानी बढ़कर सीढ़ियों को छूने लगा है. भद्र घाट मां गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अगर जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो जल्द ही सड़क पर भी पानी आ सकता है. वहीं कंगन घाट पर भी बढ़ा हुआ पानी चौताल तक पहुंच गया है.
वाहनों का परिचालन रोकने की तैयारी
अनुमंडल प्रशासन गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है. एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को गंगा के जलस्तर और घाटों की स्थिति पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. आवश्यकता पड़ने पर भद्र घाट से नौजर घाट के बीच बैरिकेडिंग कर वाहनों का परिचालन रोका जा सकता है.

SDRF और NDRF की टीमों को अलर्ट रहने का निर्देश
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसएसबी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्नान करने और संभव हो तो फिलहाल गंगा स्नान से बचने की सलाह दी जा रही है.
तटवर्ती लोगों की बढ़ी चिंता
जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण गंगा किनारे रहने वाले लोग भी स्थिति पर नजर रख रहे हैं. प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और घाटों पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है.
also read : पटना: 19 दिन भूखे रहे, 12 किलो वजन घटा फिर भी नहीं टूटा हौसला; व्हीलचेयर पर लोक भवन पहुंचे कुमुद पटेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Tags