मां के हत्यारोपी की गोलियां मारकर हत्या: सरेंडर करने पलवल थाने पहुंचा युवक, SHO के सामने कट्टा रखकर बोला- मार आया, पकड़ लो - Palwal News

Published on 23 अग॰ 2026

हरियाणा के पलवल थाने में उस वक्त हलचल मच गई जब 19 साल के युवक ने SHO की टेबल पर देसी कट्टा रखकर कहा-मां की हत्या का बदला लेकर आया हूं, पकड़ लो। युवक की चेहरे पर कोई डर या पश्चाताप नहीं था।

.

फिर जो कहानी खुली वो चौंकाने वाली थी। पता चला कि जवाहर नगर कैंप में 52 साल के व्यक्ति का मर्डर किया गया। उसे पहले दो गोलियां मारीं। जिंदा न बचे, इसके लिए उसके सीने में खंजर भी घोंपा गया।

मरने वाला सुरेश 5 महीने पहले ही जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था। सुरेश पड़ोस की महिला की हत्या करने के मामले में आरोपी था। अभी केस कोर्ट में चल रहा था। शनिवार रात को मर्डर करके थाने पहुंचा 19 साल का युवक इसी महिला का बेटा है।

इधर, सुरेश की पत्नी ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जब पुलिस आई तब घायल की सांसें चल रही थी। पुलिस वाले अस्पताल ले जाने की बजाय पूछ-पड़ताल करने लगे। इसके बाद वह खुद ही ई-रिक्शा में घायल को अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

थाने पहुंचकर पुलिसकर्मी से बात करता हत्यारा दुष्यंत उर्फ देवा।

थाने पहुंचकर पुलिसकर्मी से बात करता हत्यारा दुष्यंत उर्फ देवा।

जानिए क्या है पूरा मामला…

घर के सामने पहले चाकू से हमला, फिर गोली मारी

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की देर रात जवाहर नगर कैंप निवासी सुरेश उर्फ दलीप (52) अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत उर्फ देवा (19) अपने साथियों देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसे गोली मार दी गई। गंभीर हालत में सुरेश को पड़ोसी जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के कुछ देर बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

हत्या के बाद आरोपी दुष्यंत मौके से भागने के बजाय खुद कैंप थाने पहुंच गया। उसके हाथ में देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस थे। उसने पुलिस के सामने हथियार रखकर वारदात की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। सूचना के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की। मौके से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी बरामद हुए।

दुष्यंत बोला- 2023 में सुरेश ने मेरी मां की हत्या की थी

पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई। उसके मुताबिक, वर्ष 2023 में वो गली में स्पीड ब्रेकर बनवा रहा था, जिसे लेकर सुरेश के साथ उसकी मां का विवाद हो गया। इसी दौरान उसने मां को चाकू मार हत्या कर दी। इसी का बदला लेने के लिए उसने सुरेश की हत्या की।

पत्नी को कैंसर, बीमारी के चलते मिली थी जमानत

परिजनों के मुताबिक, सुरेश की पत्नी कैंसर पीड़ित है और लंबे समय से बीमार रहती है। पत्नी की देखभाल के लिए सुरेश को करीब 5 महीने पहले जमानत मिली थी। जमानत पर बाहर आने के बाद वह पत्नी के साथ रह रहा था।

जिला नागरिक अस्पताल के बाहर मौजूद मृतक की पत्नी सुवीना वारदात के बारे में बताते हुए।

जिला नागरिक अस्पताल के बाहर मौजूद मृतक की पत्नी सुवीना वारदात के बारे में बताते हुए।

पत्नी बोली- आंखों के सामने पति मारा, पुलिस ने मदद नहीं की

सुरेश की पत्नी सुवीना के मुताबिक, 5 युवकों और 2 महिलाओं ने उनके पति सुरेश पर चाकुओं से हमला किया था। हमलावरों ने उन्हें और उनके मासूम पोता-पोती को भी छत से नीचे फेंकने की कोशिश की।

सुवीना ने पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पति की सांसें चल रही थीं और उन्होंने पुलिस को फोन कर अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई थी, लेकिन उन्हें इंतजार करने को कहा गया।

परिवार में 6 भाई थे, 2 की बीमारी से मौत

सुरेश छह भाइयों में से एक था। एक भाई सालों पहले घर छोड़कर चला गया था, जिसका आज तक कोई पता नहीं चला। दो भाइयों की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। एक भाई ऑटो चलाता है, जबकि एक भाई घर बेचकर रुड़की (उत्तराखंड) चला गया और वहीं रहता है। वह अब यहां नहीं आता।

सुरेश के परिवार में उसकी पत्नी सुवीना और दो बेटे अंकुश व साहिल हैं। सुवीना कैंसर से पीड़ित है। महिला की हत्या के मामले में साहिल भी जेल में था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। दोनों बेटे अंकुश और साहिल गुरुग्राम में रहते हैं।

पुलिस बोली- केस दर्ज कर लिया, बाकी आरोपियों की तलाश

मृतक की पत्नी सुवीना की शिकायत पर पुलिस ने दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के मुताबिक, मामले की जांच एसआई सुमित कर रहे हैं।

दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।