Sirohi News: आबूरोड में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

Published on 6 अग॰ 2026

जिला विशेष शाखा और आबूरोड सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आबूरोड के तलेटी क्षेत्र से एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में महिला के भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने की बात सामने आई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसके बांग्लादेश प्रत्यावर्तन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



पुलिस के अनुसार जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में टीम ने आबूरोड के तलेटी क्षेत्र स्थित होटल के पीछे एक मकान पर दबिश दी।

विज्ञापन



कार्रवाई के दौरान मकान की पहली मंजिल पर एक संदिग्ध महिला मिली, जिसने अपना नाम रीमा पुत्री अब्दुलाह बताया। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसे आगे की जांच के लिए वन स्टॉप सखी सेंटर, सिरोही लाया गया। इसके बाद आईबी, सीआईडी जोन यूनिट और जिला विशेष शाखा की संयुक्त पूछताछ में महिला ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताया। जांच के दौरान उसके पास से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र भी बरामद हुआ।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें: Rajasthan: झुंझुनूं में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से भिड़ी; दो युवकों की मौत, दो जयपुर रेफर



पूछताछ में महिला ने बताया कि वह बांग्लादेश के नारगंज की रहने वाली है और उसने अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। पुलिस ने उसके प्रत्यावर्तन के लिए सीमा सुरक्षा बल पश्चिम बंगाल, गृह विभाग और इंटेलिजेंस ब्यूरो पश्चिम बंगाल से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में जिला विशेष शाखा प्रभारी चंद्रवीर, सहायक उपनिरीक्षक महावीर सिंह, मोहब्बत सिंह, आबूरोड सदर थाना के सहायक उपनिरीक्षक गंभीरलाल, कांस्टेबल अमृत, भंवर कुमार, दिनेश तथा सरूपगंज थाना की कांस्टेबल सुष्मिता शामिल रहे।



पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी और अन्य विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कोई व्यक्ति अपने आसपास किसी संदिग्ध विदेशी नागरिक के बारे में जानकारी रखता है तो इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम, सिरोही को 9530431323 पर दे सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।