बीजापुर के बेदरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादी डंप का खुलासा किया। SLR, INSAS, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड, कारतूस और मैगजीन समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद।
जवानों ने डंप हथियार किया बरामद
- Published: 22 Sep 2026, 04:45 PM IST
- Last Updated: 22 Sep 2026, 04:46 PM IST
गणेश मिश्रा- बीजापुर। जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बेदरे क्षेत्र के लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग के दौरान सुरक्षा बलों को जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप मिला है। मौके से SLR, INSAS, .315 बोर बंदूक और BGL लॉन्चर समेत बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया है।
सुरक्षा बलों की टीम द्वारा लंका पहाड़ी के जंगल में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान डिमाइनिंग कार्रवाई के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। तलाशी लेने पर हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
बीजापुर के बेदरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादी डंप का खुलासा किया। SLR, INSAS, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड, कारतूस और मैगजीन समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद। pic.twitter.com/uVzXhIAaDG
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 22, 2026
डंप से हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में 1 SLR/LMG रायफल, 1 INSAS रायफल, 1 .315 बोर बंदूक और 2 BGL लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा 17 BGL सेल, 1 चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड और 15 BGL कारतूस भी मिले हैं। सुरक्षा बलों को मौके से 4 SLR मैगजीन और 1 .315 बोर मैगजीन सहित अन्य सामग्री एवं उपकरण भी बरामद हुए हैं। बरामद हथियारों और गोला-बारूद को सुरक्षा बलों ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सितंबर में लगातार सामने आ रहे माओवादी डंप
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में सितंबर महीने के दौरान माओवादियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों के कई डंप बरामद किए जा चुके हैं। इससे पहले थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल में भी सर्चिंग के दौरान AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट बंदूक और पिस्टल समेत जिंदा कारतूस व मैगजीन बरामद किए गए थे। सुरक्षा बलों द्वारा बीजापुर के संवेदनशील और जंगल क्षेत्र में लगातार सर्चिंग, डिमाइनिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और माओवादी ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)