सबोली बारोटा रोड पार्क में झूले से लटका मिला शव, परिजनों का दावा- यूनिफॉर्म में गया था, लोवर में मिला शव, हत्या कर लटकाया गया।
पार्क में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोग।
- Published: 22 Aug 2026, 06:23 PM IST
- Last Updated: 22 Aug 2026, 06:23 PM IST
हरियाणा के सोनीपत में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चार दिनों से लापता दसवीं कक्षा के एक 17 वर्षीय छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पार्क के झूले से लटका हुआ पाया गया है। मृतक की पहचान नाथूपुर गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने सीधे तौर पर स्कूल शिक्षिका पर पिटाई का आरोप लगाते हुए छात्र की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है।
सहपाठी से झगड़े के बाद शिक्षिका पर डंडों से पीटने का आरोप
मृतक छात्र के पिता प्रमोद द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 18 अगस्त को विशाल अपनी बहन अर्चिता के साथ सुबह स्कूल गया था। दोपहर के समय कक्षा में ही उसका सहपाठी हिमांशु और यश के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
आरोप है कि विवाद के बाद स्कूल की शिक्षिका ने विशाल और यश दोनों को पीटा। इसके बाद दोनों छात्रों को अगले दिन अभिभावकों को साथ लाने की चेतावनी देते हुए स्कूल से बाहर निकाल दिया गया। इस घटना के बाद दूसरा छात्र तो अपने घर लौट गया, लेकिन विशाल वापस घर नहीं पहुंचा।
लापता छात्र के मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का कहना है कि जब विशाल दोपहर तक घर नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई। 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे परिजन शिकायत लेकर कुंडली थाने पहुंचे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सुबह आने की बात कहकर टाल दिया। आरोप है कि अगले दो दिनों तक चक्कर काटने के बावजूद पुलिस ने परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय केवल अपने स्तर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की।
यूनिफॉर्म में गया था स्कूल, लोवर में मिला शव
22 अगस्त की सुबह सबोली बारोटा रोड स्थित एक पार्क से विशाल का शव बरामद हुआ। शव मिलने की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या का दावा किया है। पिता प्रमोद का कहना है कि विशाल सुबह स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर निकला था, जबकि बरामद शव पर शर्ट के साथ लोवर था। इसके अलावा पार्क में झूले से लटके शव के पैर जमीन से छू रहे थे और उसके जूतों के फीते भी गायब थे। विशाल की बहन ने भी रोते हुए कहा कि उसका भाई आत्महत्या नहीं कर सकता, उसे मारकर यहां लटकाया गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
मामले में कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि परिजनों की गुमशुदगी की शिकायत पर पहले ही मामला दर्ज कर लिया गया था। प्राथमिक सूचना के आधार पर पुलिस को सुसाइड की जानकारी मिली थी, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार परिजनों द्वारा शिक्षिका द्वारा पिटाई किए जाने और स्कूल से निकाले जाने के जो आरोप लगाए गए हैं, पुलिस उस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है। परिजनों द्वारा बताए गए संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी। साथ ही, यदि मामले के जांच अधिकारी (IO) स्तर पर कोई लापरवाही सामने आती है, तो उसकी भी अलग से जांच करवाई जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।