कौन है भगोड़ा ड्रग किंगपिन विरेंद्र सिंह बसोया? UAE से लाया गया भारत; क्या बोले अमित शाह

Published on 14 अग॰ 2026

Aug 14, 2026 11:06 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

2024 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में कोकीन की बहुत बड़ी खेप जब्त की थी। जांच में सामने आया कि विरेंद्र सिंह बसोया अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल से जुड़ा था। जांच में उसके बेटे का नाम भी सामने आया था।

Who is fugitive drug kingpin Virender Singh Basoya

UAE से लाया गया भारत

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। NCB ने विदेश में बैठकर ड्रग तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले ड्रग किंगपिन वीरेंद्र सिंह बसोया को संयुक्त अरब अमीरात से भारत वापस लाने में कामयाबी पाई है। इससे पहले बसोया कई सालों से UAE में था। उसका नाम ड्रग तस्करी से जुड़े कई बड़े मामलों में आया था और भारतीय एजेंसियों ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था।

इस कार्रवाई को विदेशों में छिपे आरोपियों को भारत लाने की सरकार की कोशिशों से जुड़ा अहम कदम माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बसोया को भारत लाए जाने का स्वागत किया है और NCB समेत इस कार्रवाई में शामिल एजेंसियों की तारीफ की। उन्होंने कहा है कि इस कार्रवाई से साफ है कि ड्रग तस्करी में शामिल लोग सिर्फ देश छोड़कर भारतीय कानून से नहीं बच सकते।

बच नहीं पाएंगे अपराधी- अमित शाह

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मोदी सरकार विदेशों में छिपे ड्रग तस्करों का लगातार पता लगा रही है और सख्त रवैया अपनाते हुए उनके पूरे नेटवर्क को खत्म कर रही है। नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति में एक नया मील का पत्थर स्थापित करते हुए, NCB ने ड्रग तस्करी के सरगना और भगोड़े वीरेंद्र सिंह बसोया को UAE से वापस लाने में सफलता हासिल की है।” उन्होंने आगे कहा, “हमारी एजेंसियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ड्रग तस्कर चाहे कहीं भी छिप जाएं, वे कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।”

कौन है वीरेंद्र सिंह बसोया?

बसोया का नाम पहले भी जांच एजेंसियों की कई बड़ी ड्रग तस्करी से जुड़ी जांच में सामने आ चुका है। 2024 में दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। यह कार्रवाई राजधानी दिल्ली में बड़ी मात्रा में कोकीन बरामद होने के बाद की गई थी। इससे पहले बसोया का नाम हजारों करोड़ रुपये की ड्रग खेप से जुड़े एक बड़े मामले की जांच में भी सामने आया था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक बसोया के नेटवर्क के तार दूसरे आरोपियों से भी जुड़े थे। इनमें उसका बेटा ऋषभ बैसोया भी शामिल है। ऋषभ के खिलाफ एक अलग मामले में इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी किया गया था। अब वीरेंद्र सिंह बसोया को UAE से भारत वापस लाए जाने के बाद ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों में कई राज सामने आ सकते हैं।