
नेपाल और UAE के खिलाड़ियों के बीच तीखी झड़प. (फोटो- X)
Nepal vs UAE Players Fight: मलेशिया के बायुमास ओवल में एसीसी मेंस प्रीमियर कप 2026 के फाइनल मुकाबले में उस वक्त जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला, जब नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात के खिलाड़ी मैदान पर आपस में भिड़ गए. 314 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए यूएई की पारी के दौरान दोनों टीमों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और नौबत धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. हालांकि, अंपायरों के तुरंत दखल और बाद में खिलाड़ियों की ओर से दिखाए गए खेल भावना के चलते मामला समय रहते शांत हो गया.
छठे ओवर से पहले भड़का विवाद
यह पूरा वाकया यूएई की पारी के छठे ओवर की शुरुआत से ठीक पहले घटा. दरअसल, नेपाल के कप्तान और स्टार लेग स्पिनर संदीप लामिछाने अपने स्पेल की पहली गेंद फेंकने की तैयारी में थे. इसी दौरान विकेट के पीछे खड़े नेपाली विकेटकीपर और शतकवीर आसिफ शेख ने यूएई के सलामी बल्लेबाज तनीश सूरी से कुछ कहा, जिससे सूरी भड़क गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. मामला तब और गर्मा गया जब नॉन-स्ट्राइकर छोर से लामिछाने और फील्डर अर्जुन कुमाल दौड़ते हुए बल्लेबाज की ओर पहुंचे और जोरदार कहासुनी होने लगी.
तभी पूर्व कप्तान रोहित पौडेल भी वहां पहुंचे, तनाव बढ़ता देख मैदानी अंपायर विश्वनादन कालिदास और तबारक डार को बीच-बचाव करना पड़ा. फिर थोड़ी देर बाद मामला ठंडा पड़ा और नेपाली खिलाड़ियों ने सूरी की पीठ थपथपाई. कप्तान लामिछाने ने सूरी को गले लगाकर खेल भावना का परिचय दिया और मुकाबला दोबारा शुरू हुआ. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
Whats gone on here? Tanish Suri is one of the most mild mannered kids there is. Never seen him get remotely this riled pic.twitter.com/CgTM5jQrYT
— Paul Radley (@PaulRadley) September 12, 2026
नेपाल की टीम ने मारी बाजी
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 50 ओवरों में 313 रनों का मजबूत स्कोर बनाया. इस दौरान सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख ने 106 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 102 रनों की शतकीय पारी खेली. नंबर पांच पर उतरे गुलशन झा ने भी ताबड़तोड़ अंदाज अपनाते हुए 38 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों के दम पर 52 रन कूटे. अंत में यूएई के इबरार अहमद ने अहम विकेट चटकाकर नेपाल को 320 के पार जाने से रोका. लेकिन टारगेट का पीछा करते हुए UAE की टीम 49.1 ओवर में 269 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More