फ्लाईदुबई के को-पायलट के ऑस्ट्रेलिया कनेक्शन पर नजर, इजराइल और UAE भी जांच में जुटे

Published on 4 अक्टू॰ 2026

फ्लाईदुबई के को-पायलट के ऑस्ट्रेलिया कनेक्शन पर नजर, इजराइल और UAE भी जांच में जुटे

ओमनी को पायलट हमाम अल-हमामी

30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसा इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है. फ्लाइट को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश करने वाला को-पायलट ओमान का नागरिक था, जिसका नाम हमाम अल-हमामी है. रिपोर्ट के मुताबिक हमामी चरमपंथी वेबसाइटें देखता था और ओमान एयर ने उसे प्रतिबंधित किया था. हमामी के आतंकी कनेक्शन की भी बात सामने आई है. इस बीच कई देश हमामी की पृष्ठभूमि की जांच कर रहे हैं.

जानकारी के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया और इजराइल के अधिकारी ओमान के को-पायलट हमाम अल-हमामी के ऑस्ट्रेलिया से संबंधों और इस बात की जांच कर रहे हैं कि वह तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के चालक दल का हिस्सा कैसे बना. वहीं संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के नेतृत्व में जारी जांच में उसके इरादों और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है.

हमाम अल-हमामी के कनेक्शन की जांच

ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) की रविवार (4 अक्टूबर) को को प्रकाशित खबर के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने कहा है कि आतंकवाद रोधी टीम इस शख्स के ऑस्ट्रेलिया से संबंधों की जांच कर रही है. पुलिस ने एबीसीऔर बीबीसी को बताया कि ऑस्ट्रेलिया की जांच विक्टोरिया संयुक्त आतंकवाद रोधी टीम कर रही है, जिसमें संघीय पुलिस, विक्टोरिया पुलिस और सुरक्षा खुफिया संगठन शामिल हैं.

हमामी को 2014 में छात्र वीजा जारी किया गया

सूत्रों ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को बताया कि को-पायलट हमामी को 2014 में छात्र वीजा जारी किया गया था. उसने 2015 से 2017 के बीच ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की थी. इसके बाद वह देश छोड़कर चला गया. एबीसी की खबर के मुताबिक 2019 में उसका वीजा रद्द कर दिया गया था. हालांकि वीजा रद्द किए जाने की वजह हमामी का आचरण नहीं था, बल्कि वह किसी पाठ्यक्रम में पंजीकृत नहीं था और इसलिए छात्र वीजा के लिए पात्र नहीं रह गया था.

आतंकी घटना को अंजाम देने की कोशिश

इधर जांच का नेतृत्व कर रहे UAE ने शनिवार (2 अक्टूबर) को कहा कि को-पायलट हमाम अल-हमामी की जांच में सामने आया है कि उसने आतंकी घटना को अंजाम देने की कोशिश की. रिपोर्ट के मुताबिक UAE के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने बताया कि सह-हमामी ने पायलट पर हमला करने के लिए फ्लाइट में मौजूद कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया और फ्लाइट पर नियंत्रण करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी पूरी परिस्थितियों, मकसद और किसी भी संभावित संबंध का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

ओमान में फ्लाइट उड़ाने पर रोक

कई मीडिया संस्थानों ने को-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में की है, हालांकि आधिकारिक तौर पर उसकी पहचान की पुष्टि नहीं हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक हमामी को उसके कट्टरपंथी वैचारिक विचारों को लेकर चिंता के कारण पूर्व में ओमान में फ्लाइट उड़ाने से रोक दिया गया था.

जूही उरूषा खान

जूही उरूषा खान

जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में  एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.

Read More

google button