गोमूत्र पिलाया, तंत्र-मंत्र कराया और जबरन... शिवसेना (UBT) के पूर्व सांसद विनायक राउत की बहू के सनसनीखेज आरोप, परिवार पर केस दर्ज

Published on 12 जुल॰ 2026

देश

  • Edited by: पीयूष कुमार
  • Updated Jul 12, 2026, 11:26 AM IST

शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत, उनके बेटे व कॉर्पोरेटर गीतेश राउत और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ उनकी बहू गिरिजा राउत की शिकायत पर ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, जबरन गोमूत्र पिलाने और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने महाराष्ट्र के अंधश्रद्धा निर्मूलन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करते हुए दो कथित तांत्रिकों को भी आरोपी बनाया है। मामले की जांच जारी है।

Image

शिवसेना यूबीटी नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत की बहू ने उनपर लगाया सनसनीखेज आरोप। PTI

Photo :

PTI

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन में पूर्व सांसद विनायक राउत, उनके बेटे व कॉर्पोरेटर गीतेश राउत और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत किसी और ने नहीं, बल्कि विनायक राउत की अपनी बहू गिरिजा राउत ने दर्ज कराई है।

अंधश्रद्धा निर्मूलन कानून के तहत कार्रवाई

पारिवारिक विवाद के इस मामले ने उस समय बेहद संवेदनशील मोड़ ले लिया जब इसमें जादू-टोना और तंत्र-मंत्र की बातें सामने आईं। बहू गिरिजा राउत की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के सख्त 'अंधश्रद्धा निर्मूलन अधिनियम' के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

गिरिजा राउत ने अपनी शिकायत में ससुर विनायक राउत और पति गीतेश राउत समेत पूरे परिवार पर प्रताड़ना के बेहद चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, परिवार ने तंत्र-मंत्र और शुद्धिकरण के नाम पर पीड़िता को जबरन गोमूत्र पीने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि घर में अंधविश्वास के चलते जादू-टोना किया जाता था, जिसके तहत पीड़िता के बाल तक नोचे गए और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

दो 'बाबाओं' के खिलाफ भी मामला दर्ज

इस मामले में राउत परिवार के अलावा बाहरी तांत्रिकों की संलिप्तता की बात भी सामने आई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में दो बाबाओं का भी जिक्र किया है। पुलिस ने राउत परिवार के साथ-साथ फिरोज और काजी नाम के दो बाबाओं (तांत्रिकों) को भी इस एफआईआर (FIR) में नामजद किया है। विनायक राउत शिवसेना (UBT) के एक कद्दावर नेता और पूर्व सांसद हैं, जबकि उनके बेटे गीतेश राउत स्थानीय कॉर्पोरेटर हैं। ऐसे में हाई-प्रोफाइल राजनीतिक परिवार से जुड़े इस मामले ने पूरे ठाणे और महाराष्ट्र की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है। फिलहाल कपूरबावड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है और जल्द ही इस मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा सकती है।

Piyush Kumar

पीयूष कुमार author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

  • Hindi News
  • India

End of Article